ताजमहोत्सव में लुभा फ्लॉवर शो:फूलों से बनाई गईं पशु पक्षियों की आकृतियां, तीसरे दिन मंच से सजी बॉलीवुड नाइट

ताज महोत्सव के तीसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पुष्प प्रदर्शनी ने लोगों को खासा आकर्षित किया। एक ओर जहां मंच पर इंडियन ओशन बैंड ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया, वहीं दूसरी ओर फ्लावर शो में रंग-बिरंगे फूलों और सब्जियों की अनोखी किस्मों ने सभी का मन मोह लिया। वहीं फूलों से बनी ये आकृतियां भी लुभा रहीं थी।
तीसरे दिन ताज महोत्सव में इंडियन ओशन बैंड ने “देश मेरा”, “बंदे”, “कंदिसा”, “मां रेवा”, “तू किसी रेल सी”, “हिले ले”, “मन कस्तूरी” और “रीबर्थ” जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति दी। बैंड की सूफी और फ्यूजन शैली ने युवाओं और संगीत प्रेमियों को खासा आकर्षित किया और पूरा माहौल संगीतमय हो गया। वहीं, फ्लावर शो भी लोगों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी में उन्नत खेती का शानदार प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। कुल 2575 प्रकार के फल, फूल और सब्जियों की किस्में यहां प्रदर्शित की गई हैं, जो लोगों को नई खेती की तकनीकों से रूबरू करा रही हैं। प्रदर्शनी में लाल आलू, ब्रोकली, पर्पल गोभी, गांठ गोभी, एप्पल बेर और ड्रैगन फ्रूट जैसी अनोखी किस्में लोगों का ध्यान खींच रही हैं। वहीं लाल-पीली शिमला मिर्च और रंग-बिरंगे फूलों की सजावट ने पूरे परिसर को खूबसूरत बना दिया है। लगभग 45 प्रकार के मौसमी फूलों का प्रदर्शन किया गया है, जिनकी सजावट और आकर्षक डिजाइन लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं।
कार्यक्रम का उद्घाटन मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने किया। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी देसी-विदेशी पर्यटकों को आकर्षित कर रही है। इस मौके पर उद्यान स्मारिका का विमोचन भी किया गया। उद्यान अधीक्षक रजनीश पांडे के अनुसार, इस प्रदर्शनी में 1140 प्रतियोगियों ने भाग लिया है।
फ्लावर शो में गुलदस्ते, मालाएं, गमले और रंगोली के साथ ब्रज थीम पर आधारित पुष्प सज्जा के मॉडल भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। वहीं शाक-भाजी पंडाल में ब्रोकली, मशरूम, गोभी, बैंगन और आलू के साथ-साथ फलों में बेर, पपीता, अमरूद और संतरा भी प्रदर्शित किए गए हैं, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
कुल मिलाकर, ताज महोत्सव में जहां संगीत का जादू चला, वहीं फ्लावर शो ने अपनी खूबसूरती से लोगों का दिल जीत लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *