फतेहाबाद में खाटू श्याम जा रही बस चौक से टकराई:ड्राइवर को लगी नींद की झपकी; बाल-बाल बचे पंजाब के 60 यात्री

फतेहाबाद जिले में टोहाना के रास्ते पंजाब के लुधियाना से राजस्थान स्थित खाटू श्याम जा रही टूरिस्ट बस शहर में शहीद चौक पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह हादसा अलसुबह करीब 2 बजकर 50 मिनट पर शहीद चौक पर हुआ। बस चौक की बाउंड्री पर चढ़ गई। गनीमत रही कि बस में सवार 60 यात्रियों में से किसी को भी चोट नहीं आई। पुलिस के अनुसार, घटना का मुख्य कारण बस चालक को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि सभी को धीरे-धीरे सुरक्षित तरीके से बस से नीचे उतार लिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। क्रेन की मदद से बस को चौक से नीचे उतारा गया। बस में महिलाएं व बच्चे भी थे सवार लुधियाना निवासी नरेश जैन और अमन ने बताया कि वे सभी पंजाब के लुधियाना से राजस्थान में खाटू श्यामजी के मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। उन्होंने बताया कि बस में सवार सभी यात्री सो रहे थे, तभी अचानक चालक को नींद की झपकी आ गई और बस सीधे शहीद चौक पर चढ़ गई। बस में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। एकदम से बस के टकराने से सभी सहम गए। मगर शुक्र है कि किसी को कोई चोट नहीं आई। इसके बाद एक-एक करके सभी सवारियों को नीचे उतारा गया। बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। रात 10 बजे बाद लुधियाना से चले थे नरेश जैन व अमन जैन ने बताया कि सभी सवारियां एकत्रित होने के बाद खाटू श्याम बाबा के भजन गाते हुए सभी यात्री शनिवार रात 10 बजे बाद लुधियाना से चले थे। रविवार को दिन में खाटू धाम पहुंच कर दर्शन करने का प्लान था। इस बस के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद दूसरी बस मंगवाई गई। फिर सभी यात्री खाटू धाम के लिए रवाना हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *