यमुनानगर के सढौरा-कालाआंब मार्ग पर हुए सड़क हादसे में गांव शाहपुर निवासी एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे दो युवकों की बाइक को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे में घायल बाइक सवार पारस की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई, जबकि दूसरा युवक जसबीर सिंह को गंभीर हालत में अस्पताल रेफर किया गया। मृतक के परिजनों ने अज्ञात कार चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सादिकपुर के पास हुआ हादसा सढौरा पुलिस को दी शिकायत में रामपाल निवासी गांव शाहपुर, थाना व्यासपुर ने बताया कि वह पेंट का काम करता है। उसका चाचा का लड़का पारस पुत्र कृष्णलाल भी गांव शाहपुर का निवासी था और मजदूरी करता था। पारस अपने पड़ोसी जसबीर सिंह पुत्र जगजीत सिंह के साथ जसबीर की बाइक पर सवार होकर कालाआंब में एक शादी में गया था। उन्हें बीती शामे सूचना मिली कि सढौरा-कालाआंब रोड पर गांव सादिकपुर के पास किसी कार चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी है। इलाज के दौरान पारस की मौत सूचना मिलने पर वह अपने परिवार के साथ मौके पर पहुंचा, जहां सड़क पर जसबीर की बाइक बुरी तरह टूटी हुई पड़ी थी और पास ही एक स्विफ्ट कार सामने से क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी थी, लेकिन कार ड्राइवर मौके से फरार था। उसे वहां मौजूद लोगों ने बताया कि हादसे के समय बाइक पारस चला रहा था और जसबीर पीछे बैठा था। दोनों घायलों को राहगीरों ने इलाज के लिए सढौरा अस्पताल पहुंचाया था। जब वह अस्पताल पहुंचा तो इलाज के दौरान पारस की मृत्यु हो चुकी थी, जबकि जसबीर सिंह की हालत गंभीर होने के कारण उसे जगाधरी अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने ड्राइवर के खिलाफ किया केस दर्ज पारस के शव को पोस्टमार्टम के लिए जगाधरी अस्पताल भेजा गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि अज्ञात कार ड्राइवर ने अपनी कार को लापरवाही से चलाते हुए उनके चाचा के लड़के पारस और जसबीर की मोटरसाइकिल को सीधी टक्कर मारी, जिससे पारस की मौत हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।