सोनीपत में पुलिस ASI ने की आत्महत्या:पिस्तौल से खुद को मारी गोली; ट्रैफिक में थी ड्यूटी, रात को क्वार्टर में था

हरियाणा के सोनीपत में पुलिस के एक असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) ने अपने पुलिस क्वार्टर में लाइसेंसी पिस्तौल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यह घटना देर रात हुई। मृतक की पहचान ट्रैफिक थाना में तैनात जसबीर के रूप में हुई है। पुलिस मामले में जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, सोनीपत के सदर थाना के पास स्थित पुलिस क्वार्टर में एएसआई जसबीर ने देर रात अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर आसपास के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। मृतक एएसआई जसबीर सोनीपत के गांव सिटावली का निवासी था। वह लंबे समय से पुलिस विभाग में कार्यरत था और वर्तमान में सोनीपत के ट्रैफिक थाना में तैनात था। इस घटना से पुलिस विभाग और मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। सोनीपत सिटी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भिजवाया, जहां आज पोस्टमार्टम कराया जाएगा। जसबीर सिंह दो बच्चों का पिता था। इनमें एक बेटी और एक बेटा है। एक साल पहले बेटी की शादी सोनीपत की पुलिस लाइन में की थी। वहीं उनका बेटा विदेश में पढ़ाई कर रहा है। बेटे के घर लौटने के बाद ही दाह संस्कार कल होगा। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *