कानपुर में शनिवार शाम ट्रैक्टर निकालने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले। आरोप है कि दबंगों ने दलित परिवार के घर के बाहर रखे छप्पर में आग लगा दी और चार राउंड हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाई। घटना सजेती थाना क्षेत्र के मढ़ापुर गांव की है। एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए, जबकि बीच-बचाव में पहुंचे दो पड़ोसी भी चोटिल हुए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात काबू में किए और घायलों को घाटमपुर सीएचसी भिजवाया। विधायक सरोज कुरील ने अस्पताल में घायलों का हालचाल जाना। पुलिस अधिकारियों से बात की, कहा- दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। 2 तस्वीरें देखिए…. छप्पर से टकराई भूसे से लदी ट्रॉली गांव निवासी महेश अपनी पत्नी भाग्यवती और बेटों शिवम्, कुलदीप व संदीप के साथ घर पर खाना खा रहे थे। इसी दौरान सरगांव ग्राम प्रधान का बेटा अभय ट्रैक्टर-ट्रॉली में भूसा लादकर वहां से गुजर रहा था। आरोप है कि ट्रॉली घर के बाहर छप्पर से टकरा गई, जिससे छप्पर क्षतिग्रस्त हो गया। इसी बात को लेकर भाग्यवती और अभय के बीच कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद बढ़ने पर अभय ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। आरोप है कि इसके बाद दबंगों ने छप्पर में आग लगा दी। विरोध करने पर परिवार के लोगों पर लाठी-डंडों और फरसे से हमला कर दिया गया। सात लोग घायल, एक को जिला अस्पताल रेफर हमले में महेश के परिवार के पांच लोग घायल हुए। बीच-बचाव करने पहुंचे पड़ोसी ज्ञानेंद्र और गोलू भी चोटिल हो गए। फायरिंग की आवाज से गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और घायलों को घाटमपुर सीएचसी भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद एक गंभीर घायल को कानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। विधायक सरोज कुरील अस्पताल पहुंचीं, पुलिस से की बात घटना की जानकारी मिलते ही घाटमपुर विधायक सरोज कुरील सीएचसी पहुंचीं और घायलों से मुलाकात की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। विधायक ने कहा कि उन्हें शादी समारोह के दौरान घटना की सूचना मिली, जिसके बाद वे तुरंत अस्पताल पहुंचीं। घायलों का आरोप है कि ग्राम प्रधान के बेटे ने साथियों के साथ मिलकर हमला किया। विधायक ने डीसीपी साउथ से बात कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश देने को कहा। डीसीपी ने किया निरीक्षण, जांच शुरू कानपुर डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर निकालने को लेकर विवाद हुआ था, जिसकी सूचना डायल 112 पर दी गई थी और उस समय दोनों पक्षों में समझौता करा दिया गया था। देर शाम फिर विवाद बढ़ा और छप्पर में आग लगाने की सूचना मिली। डीसीपी ने कहा कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गांव में फिलहाल पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। ———————– ये खबर भी पढ़िए- बच्ची को बोरे में भरकर भाग रही महिला को पकड़ा: कानपुर में लोगों ने पिटाई की; घर के बाहर से किडनैप किया था कानपुर में 2 साल की बच्ची को बोरे में भरकर भाग रही महिला को लोगों ने दबोच लिया। भीड़ ने महिला की पिटाई कर दी। फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के मुताबिक, बच्ची शनिवार की शाम घर के बाहर खेल रही थी। महिला ने उसे टॉफी का लालच दिया और अपने साथ ले गई। कुछ दूरी पर ले जाकर महिला ने बच्ची को बोरे में भर लिया। पढ़ें पूरी खबर…