करनाल में नेशनल हाईवे पर हरियाणा रोडवेज के एक ड्राइवर की गुंडागर्दी और अभद्र व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में ड्राइवर न केवल पीड़ित कार चालक को जान से मारने की धमकी दे रहा है, बल्कि नाम पूछने पर बेहद शर्मनाक जवाब देते हुए खुद को ‘जीजा’ बता रहा है। मामला बढ़ने पर कुरुक्षेत्र डिपो के जीएम ने कड़ा संज्ञान लेते हुए ड्राइवर को तुरंत प्रभाव से हटा दिया है। क्या है पूरा मामला घटना 12 फरवरी की है। पानीपत के नैन गांव निवासी विशाल टैक्सी चलाता है। वह दिल्ली से एक परिवार को लेकर पंजाब जा रहा था। विशाल के अनुसार, बसताड़ा टोल प्लाजा के पास कुरुक्षेत्र डिपो की एक तेज रफ्तार रोडवेज बस (किलोमीटर स्कीम) ने उसकी अर्टिका कार को कट मारा, जिससे कार पलटते-पलटते बची। जब विशाल ने बस रुकवाकर ड्राइवर को समझाने की कोशिश की, तो ड्राइवर ने गाली-गलौज शुरू कर दी। ड्राइवर ने सरेआम धमकी देते हुए कहा, “जो तुझसे होता हो कर ले, तुझे जान से मार दूंगा।” “नाम क्या है?” – “मुझे घरवाले जीजा कहते हैं” वायरल वीडियो में जब पीड़ित पक्ष ने ड्राइवर से उसका नाम पूछा, ताकि उसकी शिकायत की जा सके, तो ड्राइवर ने मर्यादा की सारी हदें पार कर दीं। उसने तंज कसते हुए कहा, “मुझे घर में प्यार से सब जीजा कहते हैं।” इतना ही नहीं, आरोप है कि आरोपी ड्राइवर ने बस को पीछे कर विशाल की कार को टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया। पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल पीड़ित विशाल ने बताया कि उसने डायल-112 को कॉल किया था। पुलिस ने पहले कहा कि बस को करनाल बस स्टैंड पर रोक लिया गया है, लेकिन जब वह वहां पहुंचा तो न बस मिली और न ही पुलिस। बाद में पुलिसकर्मियों ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि “हमने उसे समझा दिया है।” मधुबन थाने में लिखित शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई न होने पर विशाल ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। कुरुक्षेत्र डिपो का एक्शन वीडियो वायरल होने और रोडवेज की साख पर बट्टा लगने के बाद कुरुक्षेत्र रोडवेज जीएम शेर सिंह ने तुरंत कार्रवाई की। चूंकि बस किलोमीटर स्कीम के तहत थी, इसलिए विभाग ने ठेकेदार को निर्देश देकर आरोपी ड्राइवर को हटा दिया है। जीएम ने स्पष्ट किया कि विभाग में इस तरह की अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।