फरीदकोट में हेरोइन तस्करी के मामले में पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आर्मी जवान और बर्खास्त पुलिसकर्मी भी शामिल है। इस गिरोह का पाकिस्तान बेस तस्करों के साथ संपर्क है, जोकि ड्रोन से हेरोइन मंगवा कर उसे आगे सप्लाई करते थे। इसे जेल में बैठा आरोपी ऑपरेट कर रहा था। पुलिस ने 4.8 किलो हेरोइन के अलावा 30 हजार ड्रग मनी, एक पिस्टल और 3 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही थार और एक्सयूवी-500 गाड़ी को भी जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमरदीप सिंह उर्फ बॉक्सर और डिंपल रानी (जिला फिरोजपुर), रमणदीप कौर, सरबजीत सिंह उर्फ सब्बा और अमृतपाल सिंह उर्फ अभिजोत (जिला मोगा) तथा जर्नैल सिंह उर्फ गोल्डी (जिला लुधियाना) के रूप में हुई है। इनमें बॉक्सर पंजाब आर्म्ड पुलिस का बर्खास्त कर्मचारी है, जबकि जरनैल सिंह, सैन्य कर्मी है, जोकि इन दिनों छुट्टी पर आया हुआ है। रात में चेकिंग के दौरान पकड़ी गाड़ी एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन ने बताया कि 20-21 फरवरी की मध्यरात्रि को सीआईए स्टाफ ने ग्रीन एवेन्यू रोड पर खड़ी एक संदिग्ध थार गाड़ी को रोककर तलाशी ली। डीएसपी तरलोचन सिंह की निगरानी में तलाशी के दौरान गाड़ी से 1 किलो 8 ग्राम हेरोइन और 30 हजार रुपये ड्रग मनी बरामद हुई, जिसके बाद चार आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह खेप अमरदीप सिंह उर्फ बॉक्सर द्वारा एक्सयूवी-500 के जरिए सप्लाई की गई थी, जिसके बदले 2 लाख 60 हजार रुपए दिए गए थे। बाद में पुलिस ने पीछा कर उसे गांव गोलेआणा सेम नाला के पास डिंपल रानी समेत गिरफ्तार कर लिया। उनकी गाड़ी से 3 किलो 796 ग्राम हेरोइन, .30 बोर पिस्टल और 3 कारतूस बरामद हुए। कल जेल से 6 मोबाइल फोन हुए बरामद बीते कल पुलिस ने फरीदकोट की केंद्रीय मॉडर्न जेल में विभिन्न बैरकों की जांच की थी। इस दौरान कुल छह मोबाइल फोन बरामद हुए। इस संबंध में जेल प्रशासन की शिकायत पर 5 हवालातियों और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ थाना सिटी में जेल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस को भेजी शिकायत में जेल के सहायक अधीक्षक वीरपाल सिंह ने बताया कि जेल अधीक्षक के दिशा-निर्देशों पर जेल कर्मचारियों की टीम ने विभिन्न बैरकों का निरीक्षण किया। तलाशी के दौरान जेल में बंद हवालाती पटियाला निवासी मनजीत सिंह, मोगा निवासी गुरभिंदर सिंह, अमृतसर निवासी कुलबीर सिंह उर्फ बोहड़, तरनतारन निवासी गुरमनदीप सिंह के पास मौबाइल बरामद हुआ।