झज्जर में खेतों में मिला लापता व्यक्ति का शव:एक हाथ और पांव खा गए जानवर; हार्टअटैक की आशंका, पोस्टमार्टम से खुलेगा राज

झज्जर जिले के जहाजगढ़ और खातीवास गांव के बीच खेतों में रविवार को एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। वह पिछले 6 दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता था। शव की हालत इतनी भयावह थी कि उसे जंगली जानवरों ने बुरी तरह नोच रखा था। सूचना मिलते ही दो थानों की पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान देवी राम के रूप में हुई है। देवी राम मूल रूप से एमपी माजरा गांव के रहने वाले थे, लेकिन पिछले कई वर्षों से खातीवास गांव में निवास कर रहे थे। देवी राम 17 फरवरी को अचानक घर से लापता हो गए थे। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर दुजाना थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। रविवार को एक राहगीर ने खेतों में शव देखा। जानवरों ने शव का एक हाथ और एक पैर पूरी तरह खा लिया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कपड़ों और शारीरिक पहचान के आधार पर शिनाख्त की। बेटों की नौकरी के बाद छोड़ा था अखबार बांटने का काम मृतक देवी राम के बारे में बताया गया कि वह लंबे समय तक क्षेत्र में समाचार पत्र वितरण (अखबार बांटने) का कार्य करते थे। हाल ही में उनके दोनों बेटों की सरकारी नौकरी लग गई थी, जिसके बाद उन्होंने काम छोड़ दिया था और अब घर पर ही रहते थे। उनके निधन की खबर से परिवार में मातम छा गया है। दो थानों की पुलिस में उलझा क्षेत्र, जांच शुरू शव मिलने की सूचना पर बेरी थाना प्रभारी विकास और दुजाना थाना प्रभारी अपनी टीमों के साथ मौके पर पहुँचे। चूंकि गुमशुदगी की रिपोर्ट दुजाना थाने में थी और शव बेरी थाना क्षेत्र में मिला, इसलिए दोनों थानों की पुलिस ने समन्वय के साथ कार्रवाई शुरू की। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। बेरी थाना प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि… प्राथमिक दृष्टि से यह मामला अचानक आए हार्ट अटैक का लग रहा है, जिसके बाद शव खेतों में पड़ा रहा और जानवरों ने उसे नुकसान पहुंचाया। हालांकि, मौत के असल कारणों की पुष्टि विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। पुलिस हर कोण से मामले की तफ्तीश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *