भिवानी जिले के गांव जमालपुर के मुख्य बाजार में बाइक सवार युवकों ने उत्पात मचाया। दुकान के बाहर खड़ी एक स्कूटी को पैर मारकर गिराने से शुरू विवाद मारपीट में बदल गया। बीच-बचाव करने आए मेडिकल स्टोर संचालक के साथ भी आरोपियों ने हाथापाई की। बाद में कुछ युवक दुकान में घुस गए और लोहे की राड से हमला कर दिया, जिससे दो युवक घायल हो गए। स्कूटी को पैर मारकर गिराया मेडिकल स्टोर संचालक संजय ने बताया कि उन्होंने गांव जमालपुर बाजार में सेठी मेडिकल हॉल के नामक दवा की दुकान खोली हुई है। शनिवार को मास्टर हरीश स्कूटी पर दवा लेने आए थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने बाहर खड़ी स्कूटी को पैर मारकर गिरा दिया, जिसके बाद मास्टर हरीश और युवकों के बीच तीखी बहस हो गई। जब संजय बीच-बचाव करने पहुंचे, तो युवकों ने दुकान के अंदर घुसकर उनके साथ मारपीट की। कुछ देर बाद आरोपी अपने अन्य साथियों को भी बुला लाए, जो लोहे की राड लेकर पहुंचे और दुकान में घुसकर हमला कर दिया। सिविल अस्पताल में दोनों का इलाज जारी हमले में संजय का बेटा प्रतीक और दवा लेने आया खुश नामक युवक घायल हो गया। दोनों को पहले जमालपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया, जहां से उन्हें रेफर कर भिवानी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहां दोनों का इलाज जारी है। घटना के बाद बाजार में आक्रोश फैल गया। विरोध स्वरूप रविवार को जमालपुर का बाजार बंद रखा गया और व्यापारियों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी व सख्त कार्रवाई की मांग की। दोषियों पर कार्रवाई की मांग सूचना मिलते ही बवानीखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस के आश्वासन के बाद लगभग साढ़े 11 बजे आधा बाजार खुल गया। बवानीखेड़ा थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि दोनों पक्षों से मारपीट की सूचना मिली है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।