यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:मोदी बोले- कांग्रेसी पहले से नंगे, अखिलेश ने कहा- रामभद्राचार्य को जेल भेजना था, संजय दत्त ने फूल बरसाए

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर मेरठ में रैपिड रेल का उद्घाटन करने पहुंचे पीएम मोदी के कांग्रेस पर हमले को लेकर है। कहा- कांग्रेस के सिरफिरे और बेलगाम नेता देश को तबाह करने पर तुले। वहीं, दूसरी खबर शंकराचार्य पर पॉक्सो एक्ट में एफआईआर और आशुतोष ब्रह्मचारी द्वारा उनको मेडिकल के लिए चैलेंज से जुड़ी है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, यूपी दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- मोदी बोले- देश जानता है कांग्रेसी पहले से नंगे; मेरठ में रैपिड रेल का उद्घाटन पीएम मोदी बोले- सिर्फ और सिर्फ कांग्रेस के सिरफिरे और बेलगाम नेता देश को तबाह करने पर तुले हैं। पीएम बनना चाहते हो तो लोगों के दिल जीतो। देश जानता है कांग्रेसी पहले से नंगे। फिर कपड़े उतारने की जरूरत क्यों पड़ी? पीएम ने मेरठ में रैपिड मेट्रो रेल का उद्घाटन किया। सीएम योगी भी मौजूद रहे। इससे दिल्ली से मेरठ की 82.15 किमी दूरी अब 55 मिनट में पूरी होगी। पूरी खबर पढ़ें
2- शंकराचार्य पर पॉक्सो एक्ट में FIR दर्ज; आशुतोश ब्रह्मचारी ने किया मेडिकल के लिए चैलेंज शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद, शिष्य मुकुंदानंद पर बच्चों के यौन शोषण मामले में पॉक्सो एक्ट में FIR दर्ज कर ली गई है। शनिवार को जगद्गुरु रामभद्राचार्य के शिष्य आशुतोष ब्रह्मचारी के दाखिल वाद पर कोर्ट ने केस चलाने का आदेश दिया था। आशुतोष ब्रह्मचारी ने चैलेंज किया कि अगर अविमुक्तेश्वरानंद सच्चे ब्रह्मचारी हैं तो अपना मेडिकल कराएं। मैं उनको शंकराचार्य मान लूंगा। पूरी खबर पढ़ें 3- अखिलेश बोले- रामभद्राचार्य को जेल भेज देना चाहिए था; केशव-पाठक को CM पद का ऑफर अखिलेश यादव ने डिप्टी सीएम केशव मौर्य-ब्रजेश पाठक को फिर ऑफर दिया- 100 विधायक लाइए और मुख्यमंत्री बन जाइए। शंकराचार्य पर FIR दर्ज किए जाने पर सपा प्रमुख ने कहा- रामभद्राचार्य को जेल भेज देना चाहिए था। एक समय उन पर दर्ज मुकदमा वापस लिया गया था। विचारों को लेकर झगड़े हो जाते हैं लेकिन आप इस स्तर तक जाएंगे कि आप ऐसे आरोप लगवाएंगे। पूरी खबर पढ़ें
4- लखनऊ में संजय दत्त बोले- मामू, बात सुन…; राजेश्वर सिंह के साथ रोड शो किया लखनऊ में संजय दत्त ने राजेश्वर सिंह के साथ रोड शो किया। फैंस ने बरसाए फूल, सेल्फी लेने की होड़ मची। भीड़ कंट्रोल करने में पुलिस का पसीना छूटा। मुन्ना भाई स्टाइल में बोले- ओए मामू, बात सुन। जितने भी मामू यहां खड़ेला हैं न? सब बात सुनने का। जिंदगी में दो काम करने का। एक- पौधा लगाने का, दूसरा- पानी बचाने का। ऐसा नहीं किया तो खुद की वाट लगाने का। पूरी खबर पढ़ें 5- अपर्णा-प्रतीक पहली बार साथ नजर आए, लखनऊ में बेटी का बर्थडे मनाया लखनऊ में तलाक कंट्रोवर्सी के बाद अपर्णा यादव-प्रतीक पहली बार साथ नजर आए। बेटी प्रथमा का बर्थडे मनाया। एकसाथ मेहमानों का वेलकम किया। पार्टी में भूपेंद्र चौधरी, मंत्री दिनेश सिंह, दानिश आजाद, राजनाथ सिंह के बेटे नीरज सिंह आदि मौजूद रहे। 19 जनवरी को प्रतीक ने अपर्णा को स्वार्थी महिला कहते हुए तलाक की घोषणा की थी। लेकिन 9 दिन बाद यू-टर्न ले लिया था। पूरी खबर पढ़ें अब अहम 8 खबरें… 6- मायावती बोलीं- बिकाऊ लोगों को बहुजन समाज माफ नहीं करेगा; धन्नासेठों की जरूरत नहीं बसपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में मायावती बोलीं- बिकाऊ लोगों को बहुजन समाज कभी माफ नहीं करेगा। अब धन्नासेठों के सहारे की जरूरत नहीं, अपने लोगों के खून-पसीने की कमाई से चुनाव लड़कर सत्ता हासिल करूंगी। सत्ता की मास्टर चाबी हासिल करने के लिए काम करना है ताकि समाज अपने पैरों पर खड़ा हो सके। मीटिंग में यूपी- उत्तराखंड के पदाधिकारी नहीं थे। पूरी खबर पढ़ें 7- आजमगढ़ रैली में राजभर बोले- सपा की गुलामी छोड़ो; ब्राह्मणों ने किया शंखनाद आजमगढ़ में सुभासपा की रैली में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा- बड़ी संख्या में ब्राह्मणों ने शंख बजा कर शंखनाद किया। महारैली में ब्राह्मणों की भारी भीड़ के साथ अन्य समाज के लोग भी आए हैं। 2027 के विधानसभा चुनाव का चुनावी शंखनाद आज आजमगढ़ से हो गया है। महारैली में यह भीड़ सपा को हराने का काम करेगी। सभी 10 सीटों पर एनडीए गठबंधन चुनाव जीतेगा। पूरी खबर पढ़ें
8- मथुरा के ‘मिनी जामताड़ा’ में 34 साइबर ठग अरेस्ट, 20 गाड़ियों के पहुंचने से हड़कंप मेरठ के ‘मिनी जामताड़ा’ में 34 साइबर ठग अरेस्ट किए गए जबकि 45 फरार हुए। रविवार सुबह, 20 गाड़ियों से 6 ASP-CO और 240 पुलिसवालों के साथ एसपी सुरेश चंद्र रावत पहुंचे। दो टीमें बनाकर विशंभरा और झंझावली में रेड किए। बीते 11 दिसंबर 2025 को इसी क्षेत्र के कई गांवों में 12 घंटे तक 400 पुलिसवालों ने सर्च ऑपरेशन चलाया था। 37 को पकड़ा भी था। पूरी खबर पढ़ें
9- गोरखपुर में वीडियो बना टीचर ने सुसाइड किया; बीएसए और क्लर्क पर एफआईआर गोरखपुर में टीचर ने सुसाइड करने के पहले वीडियो बनाया। बोला- मैं मरना नहीं चाहता, BSA ऑफिस के क्लर्क और अधिकारी मौत के जिम्मेदार। शनिवार को घर में पंखे से लटकते हुए टीचर की लाश मिली थी। पत्नी की तहरीर पर गुलरिया थाने में देवरिया बेसिक शिक्षा अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव, ऑफिस के बाबू संजीव सिंह और अन्य के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। पूरी खबर पढ़ें 10- फतेहपुर में बीजेपी विधायक ने सड़क खोदा, अधिकारियों को चेताया फतेहपुर में सड़कों की क्वालिटी जांचने के लिए भाजपा विधायक कृष्णा पासवान अपने क्षेत्र के धाता ब्लॉक में पहुंची। उन्होंने एक नई बनी सड़क की गुणवत्ता परखने के लिए फावड़ा चलाकर उसकी मोटाई और इस्तेमाल की गई सामग्री की जांच की। खराब क्लालिटी देखकर अधिकारियों को चेतावनी दी। 4 किमी लंबी सड़क को बनाने में करीब 37 लाख 99 हजार रुपए खर्च हुए है। पूरी खबर पढ़ें 11- रायबरेली में त्रिशूल से हमला कर शिवलिंग तोड़ा, डमरू पटककर तोड़ा रायबरेली में एक युवक ने गौरीशंकर महादेव मंदिर का शिवलिंग तोड़ डाला। वह आधी रात मंदिर में घुसा। पहले त्रिशूल उखाड़ा, फिर पटककर त्रिशूल में लगे डमरू को तोड़ दिया। टूटे त्रिशूल से शिवलिंग पर ताबड़तोड़ करीब 15 वार कर खंडित कर दिया। उसमें दरारें आ गईं। आरोपी करीब 10 मिनट तक मंदिर में उत्पात मचाता रहा। सेवादारों के शोर मचाने पर वह भागा। पूरी खबर पढ़ें
12- मिर्जापुर में टावर पर चढ़ा युवक, प्रेमिका से शादी कराने की कर रहा था जिद मिर्जापुर में रविवार को प्रेमिका से शादी न होने से नाराज होकर एक युवक हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गया। वह 4 घंटे तक हंगामा करता रहा। काफी मान-मनौव्वल के बाद वह नीचे उतरा। बताया जा रहा कि युवक और उसकी प्रेमिका की परिजन ने अलग-अलग जगह शादी तय कर दी है। दोनों अलग जाति के हैं इसलिए प्रेमिका के घर वाले युवक से शादी को तैयार नहीं। पूरी खबर पढ़ें
13- सहारनपुर में शादी से इंकार करने पर गर्लफ्रेंड ने जान दी, एक साल से अफेयर था सहारनपुर में बॉयफ्रेंड के शादी से इंकार करने पर गर्लफ्रेंड ने किराए के घर में फांसी लगाकर जान दे दी। उसका एक लड़के से एक साल से अफेयर चल रहा था। वह उससे शादी करना चाहती थी। शनिवार रात में युवती ने शादी की बात की तो उसने इनकार कर दिया। इसपर दोनों में झगड़ा हुआ। गुस्से में फंदे से लटकर जान दे दी। सुबह पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव निकाला। पूरी खबर पढ़ें
खबर जो हटकर है… 14- हापुड़ में 2.7 फीट की दुल्हन को मिला दूल्हा, 3 फीट के विजय से चाऊंल की शादी हापुड़ की 2 फीट 7 इंच की दुल्हन चाऊंल को आखिरकार दूल्हा मिल गया। मेरठ के विजय से उनकी शादी धूमधाम से संपन्न हुई। विजय की लंबाई 3 फीट है। दुल्हन चाऊंल के पिता सतपाल ने बताया- लंबे समय से बेटी के लिए वर की तलाश कर रहे थे। मोदीनगर के यशपाल प्रजापति अपने बेटे विजय के लिए भी जीवनसाथी तलाश रहे थे। रिश्तेदार ने दोनों का संपर्क कराया। पूरी खबर पढ़ें कल कैसा रहेगा मौसम… 15- पारा चढ़ेगा, गर्मी बढ़ेगी 23 फरवरी से यूपी का तापमान फिर बढ़ने लगेगा। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होते ही तापमान में फिर से बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। मौसम शुष्क बना रहेगा। आने वाले दिनों में तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *