प्रेमिका की कहीं और शादी तय होने से नाराज एक युवक ने प्रेमिका के मंगेतर को फंसाने के लिए जौनपुर कोर्ट परिसर और पुलिस लाइन गेट को बम से उड़ाने की धमकी भेजी थी। यूपी एटीएस ने इसका खुलासा करते हुए आजमगढ़ से विशाल रंजन नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एटीएस के अधिकारियों के मुताबिक विशाल ने वीपीएन का पेड वर्जन इस्तेमाल कर अपनी पहचान छिपाई और फर्जी ईमेल आईडी से जिला जज के ऑफिशियल ईमेल पर मैसेज भेजे। धमकी में यूपी के मुख्यमंत्री से 1 लाख रुपये मांगते हुए कहा गया कि पैसे न देने पर हमला होगा।
पुलिस से बचने के लिए करता था वीपीएन का इस्तेमाल एटीएस की ओर से बताया गया है कि आरोपी विशाल रंजन पुत्र हीरा लाल, निवासी बक्शपुर, थाना निजामाबाद, आजमगढ़ ने 17 फरवरी 2026 को 5 अलग-अलग ईमेल आईडी से धमकियां भेजीं थीं। उसने इंटरनेट पर VPN और प्रॉक्सी का इस्तेमाल कर आईपी एड्रेस छिपाई। मेल में कुछ मोबाइल नंबरों का जिक्र कर मुख्यमंत्री से रुपये भेजने को कहा गया। मामला दर्ज होने के बाद यूपी एटीएस ने इलेक्ट्रॉनिक और फिजिकल जांच की, जिसमें आरोपी की सोशल मीडिया गतिविधियां, VPN और प्रॉक्सी का विश्लेषण किया गया। पांच मोबाइल, कई फर्जी फेसबुक आईडी मिली ट्रेस करने के बाद आरोपी के किराए के कमरे पर एटीएस ने छापा मारा जहां से 5 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप, 2 मेमोरी कार्ड, 4 सिम कार्ड और 21,092 रुपये कैश बरामद हुए। फोन जांच में 50 ईमेल आईडी (प्रोटॉन, जीमेल, आउटलुक) और 20 फेसबुक आईडी मिलीं। आरोपी ने सोशल मीडिया से महिलाओं की फोटो डाउनलोड कर अश्लील कंटेंट भी बनाया था। एटीएस को आरोपी के ड्राफ्ट मेल से आजमगढ़ रोडवेज को बम से उड़ाने की धमकी का मैसेज भी मिला है जिसे वह जल्द ही भेजने वाला था। प्रेमिका की शादी कहीं और तय हुई तो रची साजिश पूछताछ में विशाल ने कबूला कि वह अपनी प्रेमिका से प्यार करता था, लेकिन उसकी शादी जौनपुर के एक लड़के से तय हो गई। इससे नाराज होकर उसने मंगेतर की फर्जी आईडी बनाकर आपत्तिजनक पोस्ट की। इसके बाद पंचायत हुई और विशाल को अपनी प्रेमिका के परिजन से माफी मांगनी पड़ी। इसके बाद विशाल ने बदला लेने के लिए उसने सोशल मीडिया से पंचायत में शामिल लोगों के नंबर निकाले। फर्जी ईमेल से उन लोगों के नाम से धमकियां भेजीं, ताकि पुलिस उन लोगों को गिरफ्तार करे। यूपी ATS ने पर्याप्त सबूत मिलने पर 22 फरवरी को आरोपी को सिधारी थाना क्षेत्र के हड़हा बाबा नरौली से गिरफ्तार किया। इस संबंध में जौनपुर में ही मुकदमा कायम किया गया था।