हरियाणा में कमजोर पश्चिमी-विक्षोभ का असर रहेगा आज:कई जिलों में बूंदाबांदी के आसार; सुबह-शाम हल्की ठंड बरकरार; कल से तापमान में उतार-चढ़ाव

हरियाणा में आज एक नए कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से दक्षिणी हरियाणा के कुछ जिलों में मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के विश्लेषण के अनुसार इस दौरान आंशिक बादल छाए रहने के साथ-साथ एक-दो स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी या छिटपुट वर्षा की संभावना जताई गई है। हालांकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम खुश्क रहेगा। प्रदेश में इन दिनों मौसम में बदलाव लगातार जारी है। प्रदेश के सभी जिलों में अधिकतम तापमान 25 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। रविवार को सबसे अधिक तापमान नूहं मेवात में दर्ज किया गया। यहां पर अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह शाम की रह गई ठंड जिसके चलते अब सर्दी समाप्त होने के साथ-साथ अब गर्मियों की शुरूआत हो गई। वहीं बीच-बीच में आने वाले पश्चिमी विक्षोभ की वजह से सुबह व शाम के समय ठंड बरकरार है। जिससे न्यूनतम तापमान सामान्य चल रहे हैं। 24 से तापमान में रहेगा उतार चढ़ाव मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 24 फरवरी से हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली क्षेत्र में तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव जरूर रहेगा, लेकिन अधिक गिरावट की संभावना नहीं है। वर्तमान में दिन और रात दोनों के तापमान सामान्य से ऊपर चल रहे हैं और आने वाले दिनों में भी यही स्थिति बनी रह सकती है। फरवरी के अंत में बढ़ेगा तापमान फरवरी के अंतिम दिनों और मार्च की शुरुआत में तापमान में अचानक बढ़ोतरी हो सकती है। इसका मुख्य कारण किसी मजबूत पश्चिमी विक्षोभ का सक्रिय न होना बताया जा रहा है। यदि यही स्थिति बनी रहती है, तो लोगों को समय से पहले ही गर्मी का एहसास होने लगेगा। विशेषज्ञों के अनुसार अभी से अधिकतर स्थानों पर दिन और रात के तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही है, जिससे मौसम सामान्य से अधिक गर्म महसूस हो रहा है। आने वाले सप्ताह में तापमान में और उछाल संभव है, खासकर शहरी क्षेत्रों में इसका असर ज्यादा महसूस किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *