रिसेप्शन पार्टी में दो भाइयों को गोलियों से भूना:पटना में 10 बदमाशों ने घेरकर की 24 राउंड फायरिंग; 40 साल पुराना विवाद

पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर में रविवार रात जमीन विवाद में दो सगे भाइयों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। करीब एक दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, एक शादी के रिसेप्शन पार्टी में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। इसी दौरान अचानक फायरिंग शुरू हो गई, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। दोनों भाइयों को सिर, सीने और शरीर के ऊपरी हिस्से में 5-6 गोलियां मारी गईं। गोली लगने से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने हॉस्पिटल में दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान मनीष कुमार और उसके छोटे भाई मंजीत के रूप में हुई है। दोनों गोपालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर के निवासी थे। घटना के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। सिलसिलेवार तरीके से जानिए कैसे दोनों भाइयो की हत्या की गई, और क्या था 40 साल पुराना विवाद… घटनास्थल की कुछ तस्वीरें… पार्टी में विवाद बढ़ने पर की फायरिंग प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात करीब 9 बजे दोनों भाई गांव के ही दौलत राय के बेटे विक्की की रिसेप्शन पार्टी में शामिल होने गए थे। खेत में पंडाल लगाकर भोज का आयोजन किया गया था, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। भोज के दौरान अचानक 10-12 हमलावरों आ धमके और उन्हें घेर लिया। इसके बाद किसी बात को लेकर विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने हथियार निकालकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। घटना के दौरान 24 राउंड से अधिक फायरिंग हुई। इससे समारोह स्थल पर भगदड़ मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गए। दोनों भाईयों के सिर और सीने में गोली मारी गई। मनीष की मौके पर ही मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल मंजीत को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी भी मौत हो गई। पहले भी हुआ था हमला, फिर भी बेटों की हत्या परिवार के अनुसार, मनीष और मंजीत पर पहले भी हमला हो चुका था। मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई थी। कोर्ट परिसर में भी विवाद हुआ था। परिवार का आरोप है कि लगातार शिकायत के बावजूद सुरक्षा नहीं मिली। पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। 40 साल से चल रहा था जमीन का विवाद यह घटना 6 बीघा जमीन के विवाद से जुड़ी बताई जा रही है। मनीष के पिता राजकिशोर राय उर्फ राजू राय और उनके गोतिया कृष्णा राय के बीच छह बीघा पुश्तैनी जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। मामला करीब 40 साल से कोर्ट में था। पांच माह पहले कोर्ट का फैसला राजकिशोर राय के पक्ष में आया था। ग्रामीणों के अनुसार इसी रंजिश में हत्या की गई। गोली मारने का आरोप कृष्णा राय के बेटों और उनके सहयोगियों पर है। तनाव को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात घटना की सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। गोपालपुर थाना प्रभारी अमित कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि, ‘पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।’ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतक के भाई ने बताया कि जमीन को लेकर विवाद था, गोतिया केस हार गया है, उसी बदले में गोली मारी गई है। गोतिया का भोज था। संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
पुलिस मामले की जांच कर रही है। सिटी एसपी परिचय कुमार ने बताया कि, दौलत राय के बेटे की रिसेप्शन पार्टी चल रही थी। उसी क्रम में गोली चलने की सूचना मिली, जिसमें दो भाइयों को गोली लगी। उपचार के लिए उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।’ भास्कर इनसाइडः 60% जमीन विवाद से जुड़ीं पटना जिले में साल 2025 में कुल 239 हत्याएं हुईं। जिला 4 एसपी क्षेत्रों में बंटा है- पटना सेंट्रल, पूर्वी, पश्चिमी और ग्रामीण। पटना पूर्वी एसपी क्षेत्र में सबसे अधिक 83 हत्या हुईं। पटना सेंट्रल में 29, पटना पश्चिमी में 76 और ग्रामीण क्षेत्र में 51 हत्याएं दर्ज की गईं। करीब 60 प्रतिशत हत्याएं जमीन विवाद से जुड़ी रहीं। फतुहा : जनवरी 2026 : दो इंच जमीन विवाद में दो की हत्या, एक घायल
गोपालपुर : फरवरी 2026 : जमीन विवाद में पूर्व सैनिक की हत्या
गोपालपुर : नवंबर 2025 : डीलर की हत्या, दो हमलावरों की भी हत्या
चित्रगुप्तनगर : सितंबर 2025 : प्रॉपर्टी डीलर की हत्या

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *