नारनौल में ग्रामीणों ने स्कूल पर जड़ा ताला:केमिस्ट्री के प्रवक्ता के ट्रांसफर की मांग, बीईओ के आश्वासन पर खोला

महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल के गांव जैलाफ स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में सोमवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। विद्यालय के एक प्रवक्ता के ट्रांसफर की मांग को लेकर ग्रामीणों ने स्कूल परिसर पर ताला जड़ दिया। ताला लगाने की सूचना मिलते ही खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) पवन भारद्वाज मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर स्कूल का ताला खुलवाया। ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय में कार्यरत पीजीटी केमिस्ट्री प्रवक्ता गुटबाजी करता है। उसके व्यवहार और गैर-शैक्षणिक गतिविधियों में संलिप्तता से स्कूल का माहौल प्रभावित हो रहा है। स्कूल में चिंडालिया, जैलाफ, खोड़मा, जाखनी और हमीदपुर सहित आसपास के कई गांवों के बच्चे पढ़ने आते हैं, इसलिए स्कूल के माहौल को लेकर वे चिंतित हैं। सीएम को भी लिखा था पत्र ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पहले भी मामले में विधायक, जिला उपायुक्त और मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर शिकायत की थी, लेकिन अब तक संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई। सरपंच अमर सिंह द्वारा विधायक ओमप्रकाश यादव को भेजे गए पत्र में भी प्रवक्ता के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए तत्काल प्रभाव से डेपुटेशन या ट्रांसफर करने की मांग की गई है। महिला टीचर ने भी लगाए थे आरोप पंचायत प्रतिनिधियों के अनुसार 4 फरवरी को जिला शिक्षा अधिकारी और ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को भी शिकायत भेजी गई थी। 7 फरवरी को पंचायत विभाग की जांच टीम स्कूल पहुंची, जहां एक महिला टीचर ने भी व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर संबंधित प्रवक्ता के व्यवहार को लेकर शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों का आरोप है कि इस तरह की घटनाओं से स्कूल की गरिमा को ठेस पहुंच रही है और बच्चों पर गलत प्रभाव पड़ रहा है। बीईओ ने दिया आश्वासन बीईओ पवन भारद्वाज ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि मामले की जांच रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने स्कूल का ताला खोल दिया, लेकिन चेतावनी दी, कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे दोबारा आंदोलन करेंगे। प्रिंसिपल ने काट दिया फोन इस बारे में स्कूल प्राचार्य मुकेश कुमार से बात करने की कोशिश की गई, मगर उन्होंने फोन काट दिया। वहीं यह मामला अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *