गुरुग्राम जिले के फर्रुखनगर थाना क्षेत्र में रविवार को हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव याकुबपुर, थाना झज्जर निवासी नीरज कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 22 फरवरी को उसका भाई गोविंद मोटरसाइकिल से फर्रुखनगर से अपने गांव लौट रहा था। जब वह बिल्डिंग मटेरियल व्यापारी महाबीर की दुकान के सामने पहुंचा, तभी झज्जर की ओर से आ रही एक कार ने अचानक मोड़ लेते हुए उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इलाज के दौरान तोड़ा दम टक्कर लगने से गोविंद गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फर्रुखनगर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा सीएचसी फर्रुखनगर से सूचना मिलने पर एएसआई बलवंत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुरुग्राम मोर्चरी भेज दिया। कार चालक के खिलाफ केस दर्ज, जांच जारी मृतक के भाई की शिकायत पर थाना फर्रुखनगर पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर प्रतियां संबंधित न्यायालय और उच्च अधिकारियों को भेज दी गई हैं। मामले की जांच जारी है और आरोपी चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।