जगराओं में महिला की संदिग्ध मौत:फांसी पर लटका मिला शव, बंगाल की रहने वाली थी

लुधियाना जिले जगराओं के मोहल्ला प्रताप नगर में रविवार देर रात एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान कलकत्ता निवासी असमा बेगम के रूप में हुई है, जो फिलहाल मोहल्ला प्रताप नगर में रह रही थीं। मृतका के पति शेख अजीजुल ने बताया कि वह सोने के गहने बनाने का गारीगर हैं। रविवार रात उनकी पत्नी असमा बेगम ने उन्हें और बच्चों को खाना खिलाया और फिर दूसरे कमरे में चली गईं। काफी समय तक असमा के बाहर न आने पर जब अजीजुल ने कमरे का दरवाजा खटखटाया तो कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा बंद होने के कारण जब उसे खोला गया, तो असमा फंदे से लटकी हुई मिलीं। परिजनों ने तुरंत असमा को फंदे से उतारकर एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में नहीं थी शव रखने की व्यवस्था इसके बाद परिजन शव को लेकर सरकारी अस्पताल पहुंचे। वहां के स्टाफ ने यह कहते हुए शव को एंबुलेंस से उतारने से इनकार कर दिया कि यह एक पुलिस केस है। उन्होंने यह भी बताया कि अस्पताल की मोर्चरी में केवल दो शव रखने की व्यवस्था है और दोनों स्थान पहले से भरे हुए हैं, इसलिए तीसरे शव के लिए जगह नहीं है। देर रात शव को अस्पताल में रखने की व्यवस्था की गई। इस बीच, परिजन बस स्टैंड चौकी पहुंचे, जहां पुलिस ने बताया कि जब तक डॉक्टर की ओर से लिखित सूचना नहीं मिलती, तब तक वे कोई कार्रवाई नहीं कर सकते। इस कारण शव घंटों तक एंबुलेंस में ही फंसा रहा। परिवार ने थाना सिटी से भी संपर्क किया। सिटी पुलिस इंचार्ज ने बताया कि उन्हें मामले की पूरी जानकारी नहीं है, लेकिन वे स्थिति का पता लगाकर शव को रखने की व्यवस्था करवाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *