सोनीपत सड़क हादसे में युवक की मौत:रॉन्ग साइड से आई बाइक ने मारी टक्कर; मौसी के घर से लौट रहा था

सोनीपत जिले में तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक और परिवार की खुशियां छीन ली। मौसी के घर से अपने घर लौट रहे 19 वर्षीय युवक की अज्ञात बाइक सवारों की टक्कर से मौके पर मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक संभल भी नहीं पाया और सड़क पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मौसी के घर से लौटते समय हादसा परिजनों के अनुसार मृतक 19 वर्षीय हरेंद्र गांव भांवर, गन्नौर का रहने वाला था। वह गांव रसूलपुर स्थित अपनी मौसी के घर गया हुआ था। करीब ढाई बजे वह बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान गन्नौर से शाहपुर रोड पर, भांवर गांव से कुछ किलोमीटर पहले यह दर्दनाक हादसा हो गया। रॉन्ग साइड से आई बाइक ने मारी टक्कर बताया जा रहा है कि सामने से तेज रफ्तार बाइक पर दो युवक सवार थे, जो कथित रूप से रॉन्ग साइड आ रहे थे। अचानक हुई टक्कर इतनी जोरदार थी कि हरेंद्र को संभलने का मौका ही नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गए। 12वीं कक्षा का छात्र था हरेंद्र हरेंद्र 12वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी करवाई। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फरार बाइक सवार युवकों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *