मोगा जिले के दौलतपुरा ऊंचा गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जहां आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली एक 14 वर्षीय किशोरी को उसकी मां और मामा ने तेजधार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल किशोरी को तुरंत एंबुलेंस की मदद से मोगा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे प्राथमिक उपचार दिया गया। अस्पताल के डॉक्टरों ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी है। स्कूल से घर आने पर किया हमला पीड़ित छात्रा राजदीप कौर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि सोमवार को वह आठवीं कक्षा की परीक्षा देकर घर लौटी थी। जब वह कमरे में अपनी वर्दी बदलने गई, तो उसकी मां और मामा दरवाजे के पीछे छिपे हुए थे। धारदार हथियार से किया हमला राजदीप के कमरे में आते ही मामा ने दरवाजा बंद कर दिया और तेजधार हथियार से उस पर हमला कर दिया, जिससे वह बुरी तरह लहूलुहान हो गई। राजदीप ने बताया कि उसकी मां का मामा कई वर्षों से उनके घर में ही रह रहा था और वहीं खाना-पानी खाता था। हालांकि, वह किस बात को लेकर उससे रंजिश रखता था, यह स्पष्ट नहीं है। राजदीप के शोर मचाने पर उसकी मां ने दरवाजा तोड़कर उसे अंदर से बाहर निकाला और इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया।