भोजपुरी सिंगर निशा उपाध्याय का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वो लाइव शो के दौरान एंकर को सैंडल से मारते हुए दिख रही हैं। बताया जा रहा है कि सिंगर परफॉर्मेंस के लिए तैयार हो रही थी। इसी दौरान एंकर ने उनके रेट को लेकर कमेंट कर दिया। एंकर ने मजाकिया अंदाज में कहा, “अब बारी है हमारी प्यारी निशा दीदी की। जोर से तालियां बजाइए और हां दीदी, आज का रेट क्या है? एक गाना दस हजार, दो गाने बीस हजार… या कुछ और?” यह बात सुनते ही निशा उपाध्याय भड़क गईं और सैंडल उतारकर एंकर को मारने के दौड़ पड़ीं। उन्होंने गुस्से में कहा- “यह मेरा रेट बताएगा? माइक दीजिए, इसका रेट मैं बताती हूं। इसे मैं मारूंगी, यह रेट बताने वाला कौन होता है?” इस दौरान एंकर वहां से भागने लगा। पीछे से निशा की टीम के लोग भी चिल्ला रहे हैं- इसका मुंह तोड़ो..। हालांकि, कुछ देर बाद वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया और सिंगर को स्टेज से उतारकर होटल के कमरे में भेज दिया। स्टेज की देखें 2 तस्वीरें… गोरखपुर में शादी समारोह में गाने गईं थी सिंगर निशा पूरा मामला 21 फरवरी की रात का बताया जा रहा है। निशा उपाध्याय उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक शादी समारोह में परफॉर्मेंस करने गई थीं। वे स्टेज पर परफॉर्मेंस करने वाली थी, लेकिन इससे पहले वो अपने गाने का रिहर्सल कर रहीं थी। तभी स्टेज संभाल रहे एंकर मुकेश ने उनके रेट को लेकर कमेंट कर दिया। जिसके बाद ये पूरा विवाद खड़ा हो गया। निशा उपाध्याय का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो में दिख रहा है कि निशा ब्लू कलर की साड़ी पहनी हैं। हाथ में सैंडल लिए स्टेज पर गुस्से में खड़ी हैं। वहीं, एंकर बचने की कोशिश कर रहा है। वहीं, सोशल मीडिया पर अब लोग दो गुटों में बंट गए हैं- कुछ इसे निशा का सही कदम बता रहे हैं, तो कुछ का कहना है कि उन्हें गरिमा बनाए रखनी चाहिए थी। 2023 में लाइव परफॉर्मेंस के दौरान निशा को लगी थी गोली साल 2023 में एक लाइव शो के दौरान हर्ष फायरिंग में उन्हें गोली लग गई थी, जिसके बाद वह काफी समय तक अस्पताल में भर्ती रही थीं। इसके अलावा सारण के एकमा में निशा उपाध्याय की गाड़ी से एक युवक की टक्कर लगने से मौत हो गई थी। जिसके बाद वह काफी विवादों में आई थीं। कौन हैं निशा उपाध्याय? निशा उपाध्याय बिहार के सारण जिले के गौर बसंत गांव की रहने वाली जानी-मानी भोजपुरी गायिका हैं। अपनी अलग पहचान वाली आवाज और स्टेज परफॉर्मेंस की वजह से उन्होंने भोजपुरी म्यूजिक इंडस्ट्री में खास जगह बनाई है। उन्होंने काफी कम दिनों में ही भोजपुरी इंडस्ट्री में अपनी एक नई पहचान बनाई है। उन पर कोरोना काल में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान भीड़ जुटाने और कोरोना प्रोटोकॉल तोड़ने को लेकर FIR भी हुई थी। सोशल मीडिया पर भी उनकी मजबूत फैन फॉलोइंग है, जहां वे अक्सर अपने शो और रिहर्सल के वीडियोज शेयर करती रहती हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 478K फॉलोअर्स हैं। निशा उपाध्याय के परिवार में उनके दो भाई हैं। परिवार के बाकी सदस्यों या उनकी पर्सनल लाइफ से जुड़ी कोई जानकारी ज्यादा सार्वजनिक नहीं है। वे अपनी निजी जिंदगी को लेकर काफी लो-प्रोफाइल रहती हैं। निशा ने अब तक किसी रिलेशनशिप को सार्वजनिक नहीं किया है और फिलहाल सिंगल लाइफ जी रही हैं। भोजपुरी इंडस्ट्री में वे तेजी से लोकप्रिय होती कलाकारों में से एक हैं और लगातार नए स्टेज शो व प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही हैं। ————————————- ये खबर भी पढ़ें… ‘घूसखोर पंडत’ के बाद ‘यादवजी की लव स्टोरी’ पर बवाल:खेसारी लाल बोले-टाइटल बदलने यहां भी दिखाएं एकजुटता, सही-गलत का पैमाना एक जैसा हो फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ को लेकर बवाल खड़ा हो गया है। इसमें एक विशेष जाति का जिक्र है। फिल्म के नाम को लेकर विवाद बढ़ने पर खेसारी लाल यादव ने इस मुद्दे पर खुलकर अपनी राय रखी। भोजपुरी के ट्रेडिंग स्टार खेसारी लाल यादव भड़क गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए फिल्म इंडस्ट्री में चल रही ‘सेलेक्टिव अप्रोच’ पर सवाल उठाया है। पूरी खबर पढ़ें…