अरवल जिले में बढ़ते अपराध पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक नवजोत सिमी के निर्देश पर ‘रोको-टोको अभियान’ चलाया गया। सोमवार देर शाम हुई इस कार्रवाई में व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की गई। इसका मुख्य उद्देश्य मद्य-पदार्थों और अग्नेयास्त्रों के अवैध आयात-निर्यात पर रोक लगाना तथा अपराधों पर नियंत्रण स्थापित करना है।अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कृति कमल ने बताया कि जिले में असामाजिक तत्वों, चोरों, उचक्कों, अवैध शराब की खरीद-बिक्री करने वालों और अन्य अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस पूरी तत्परता से कार्य कर रही है। उन्होंने जोर दिया कि पुलिस हर परिस्थिति में जनता के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध बनाए रखने का हर संभव प्रयास कर रही है।सभी थानाध्यक्षों और पुलिसकर्मियों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी स्थिति में जनता को कोई असुविधा न हो। इसके साथ ही, किसी भी घटना, दुर्घटना या अपराध की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।