नारनौल में तेंदुआ पकड़ने को लगाया गया पिंजरा:गांव के सरपंच ने फेसबुक पर डाली वीडियो, दूसरी बार दिखाई देने पर बढ़ाई सतर्कता

हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के गांव दताल और आसपास के क्षेत्रों में दूसरी बार तेंदुआ देखे जाने के बाद वन्य जीव विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। एक नए वीडियो में तेंदुआ सड़क पार कर खेतों की मेड़ लांघते हुए पहाड़ी क्षेत्र की ओर जाता दिखाई दिया। वीडियो की पुष्टि होने के बाद विभागीय टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वहीं गांव के सरपंच ने इसकी वीडियो फेसबुक पर लगाई है। टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली, जहां जमीन पर स्पष्ट पगमार्क मिले। अधिकारियों ने पगमार्क की पुष्टि तेंदुए के रूप में की। पगमार्क का पीछा करते हुए टीम बूस्टिंग स्टेशन तक पहुंची, जहां तेंदुए के बैठने और घूमने के निशान भी मिले। पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया इसके बाद विभाग ने बूस्टिंग स्टेशन के पास झाड़ियों में पिंजरा लगाकर उसमें मांस के टुकड़े रखे हैं, ताकि तेंदुए को पकड़ने में आसानी हो सके। कर्मचारियों की ड्यूटी भी मौके पर लगा दी गई है। 21 दिन पहले भी दिया था दिखाई ग्रामीणों के अनुसार इससे पहले 30 जनवरी को भी पहाड़ी क्षेत्र में तेंदुए की मूवमेंट का वीडियो सामने आया था, लेकिन पथरीली जमीन होने के कारण उस समय पगमार्क नहीं मिल पाए थे और सर्च अभियान सफल नहीं हो सका था। अब दूसरी बार स्पष्ट मूवमेंट मिलने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों में बना भय ग्रामीणों ने बताया कि सरसों की कटाई का समय शुरू होने वाला है, ऐसे में किसानों को खेतों में देर तक रहना पड़ता है, जिससे खतरा बढ़ सकता है। तलाशी के दौरान सरसों के खेतों में कुत्तों के कंकाल भी मिले हैं, जिससे तेंदुए की मौजूदगी की आशंका और मजबूत हुई है। अकेले बाहर न निकलें वन विभाग के रेंज अधिकारी रजनीश यादव ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे रात में बाहर न निकलें, बच्चों को अकेले खेतों में न भेजें और मवेशियों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। विभाग ने तेंदुए को जल्द पकड़ने के लिए अभियान जारी रखा है। जल्द आ जाएगा पकड़ में वहीं वाइल्ड लाइफ इंस्पेक्टर चरण सिंह ने बताया कि तेंदुआ को पकड़ने के लिए वाइल्ड लाइफ ने पिंजरा लगा दिया है। उन्होंने बताया कि गांव में एक पिंजरा लगाया गया है। जिसमें मांस के टुकड़े डाले गए हैं। अगर वहां तेंदुआ होगा तो वह जल्द पकड़ में आ जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *