रेवाड़ी में बोर्ड परीक्षा के लिए बनाए 54 केंद्र:10वीं के 8351, 12वीं के 8068 छात्र होंगे शामिल, अधीक्षक को फोन ले जाने की अनुमति

25 फरवरी से शुरू हो रही हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा के लिए रेवाड़ी में 54 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें 10वीं के 8 हजार 351 और 12वीं के 8 हजार 68 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। बोर्ड परीक्षाएं शांतिपूर्ण और नकल रहित करवाने के लिए जिला प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 लगा दी है। जो एक अप्रैल को परीक्षा खत्म होने तक लागू रहेगी। डीसी एवं जिलाधीश अभिषेक मीणा ने यह आदेश जारी किए। शिक्षा विभाग ने सभी 54 परीक्षा केंद्रों पर केंद्र अधिक्षक नियुक्त कर उन्हें सामग्री सौंप दी हैं। पहले दिन 12वीं कक्षा का अंग्रेजी का पेपर होगा। परीक्षा केंद्रों पर चलेगा पता डीईओ बिजेंद्र हुड्डा ने परीक्षा केंद्र अधीक्षक नियुक्त कर उन्हें सामग्री सौंप दी है। बाकी स्टाफ की ड्यूटी बोर्ड द्वारा लगाई गई हैं। परीक्षा केंद्र अधीक्षक जब परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के बाद अपना थैला खोलेंगे तभी इसका पता चल पाएगा कि किस केंद्र पर किसकी और कितने कर्मचारियों की ड्यूटी है। वास्तविक छात्र संख्या की जानकारी भी परीक्षा केंद्रों से पता चलेगी। पहली दिन 12वीं अंग्रेजी का पेपर होगा और परीक्षाएं दोपहर 12.30 से 3.30 तक चलेंगी। परीक्षाएं शांतिपूर्ण और पारदर्शी करवाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। नकल करने और करवाने पर होगी कार्रवाई डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि परीक्षा के समय केंद्र की 200 मीटर की परिधि में अनावश्यक घूमने पर प्रतिबंध रहेगा। इस दायरे में सभी फोटो स्टेट की दुकानें, जीरोक्स की दुकानें बंद रहेंगी। अनावश्यक रूप से परीक्षा केंद्रों के आसपास घूमने और नकल करने और करवाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। केवल परीक्षा अधीक्षक को फोन की अनुमति डीसी ने बताया कि परीक्षा केंद्रों में केवल परीक्षा अधीक्षक को फोन ले जाने की अनुमति होगी। अन्य कोई भी परीक्षा केंद्र में फोन नहीं रख पाएगा। परीक्षा केन्द्र पर सभी पर्यवेक्षकों और सहायक स्टाफ के लिए बोर्ड द्वारा जारी पहचान पत्र पहनना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि बोर्ड ने इस बार परीक्षार्थियों को अंक सुधार के लिए दूसरी बार परीक्षा देने का मौका दिया है। कोई पेपर ठीक नहीं होने पर 15 दिन में दोबारा परीक्षा दे सकते हैं। एक परीक्षार्थी अधिकतम दो पेपर ही दे सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *