हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की ओर से ग्रुप डी के लिए सीईटी की तैयारी शुरू हो गई है। किसी भी समय तारीख का ऐलान हो सकता है। इस संदर्भ में आयोग के चेयरमैन एडवोकेट हिम्मत सिंह ने जानकारी दी है। इसके तहत कहा गया है कि ग्रुप डी की सीईटी के लिए इंतजार अब खत्म होने वाला है। आयोग सीईटी ग्रुप डी का आवेदन पोर्टल खोलने के लिए अमेंडमेंट नोटिफिकेशन का इंतजार कर रहा है। बहुत जल्द ही ग्रुप डी के लिए सीईटी आवेदन पोर्टल खोल दिया जाएगा। आयोग की ओर से तैयारी के लिए अभ्यर्थियों के लिए चार प्वाइंट जारी किए गए हैं। जिसके तहत, अभ्यर्थी आवेदन पूर्व सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें। आवेदन फार्म खुद भरें, किसी अन्य पर निर्भर न रहें। आवेदन फार्म को सावधानीपूर्वक भरें और किसी तरह की त्रुटि न करें। फार्म भरने के बाद प्रिंट आउट को ध्यानपूर्वक पढ़ें। यहां देखिए HSSC चेयरमैन की सोशल मीडिया पोस्ट… खाली पदों की मांग चुकी सरकार हाल ही में सरकार ने सभी विभागों के मुखियाओं से ग्रुप D के खाली पड़े पदों की जानकारी मांगी है। चीफ सेक्रेटरी की तरफ से लिखे पत्र में कहा गया था कि साल 2023 के भर्ती विज्ञापन के बाद साल 2024 में ग्रुप डी में नौकरी दी गई थी। इस भर्ती के कुछ युवा अभी बचे हुए हैं। विभागों से रिपोर्ट आने के बाद उन्हें इन खाली पदों पर नियुक्त किया जाएगा। साढ़े 7 हजार ग्रुप D के पदों पर होगी भर्ती वहीं, CM नायब सैनी सरकार भी ग्रुप D के साढ़े 7 हजार पदों पर भर्ती की घोषणा कर चुकी हैं। इसके बाद माना जा रहा है कि सरकार कुल 7,596 पदों पर भर्ती करेगी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सरकार प्रदेश में SC आरक्षण के वर्गीकरण को लागू कर चुकी है। इसके बाद इन पदों में से 1,209 पद वंचित अनुसूचित जाति (DSC) और अन्य अनुसूचित जाति (OSC) के लिए आरक्षित किए गए हैं। 17 लाख आवेदन आने की उम्मीद आयोग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक ग्रुप-D की परीक्षा के लिए 17 लाख तक उम्मीदवार रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। इसके अलावा, जो युवा पहले ही ग्रुप-सी के लिए आवेदन कर चुके हैं, उनमें से बड़ी संख्या ग्रुप-डी के लिए भी अप्लाई कर सकते है। आयोग का मानना है कि दोनों परीक्षाओं के कुल आवेदकों की संख्या 31 लाख के पार हो सकती है।