जालंधर के भार्गव कैंप इलाके में एक अनियंत्रित स्कूटी सवार लड़की ने सड़क किनारे जलेबी की रेहड़ी में सीधी टक्कर मार दी। इस जोरदार टक्कर के कारण कड़ाही में उबलता हुआ गर्म तेल रेहड़ी मालिक के ऊपर जा गिरा, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया है। यह घटना जालंधर के व्यस्त इलाके भार्गव कैंप की है, जहां एक व्यक्त अपनी जलेबी और समोसे की रेडी लगाकर अपना गुजारा कर रहा था। चश्मदीदों के मुताबिक, एक एक्टिवा सवार लड़की ने संतुलन खो दिया और तेज रफ्तार स्कूटर सीधे रेडी में दे मारा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रेडी पर रखी गर्म तेल की कड़ाही पूरी तरह पलट गई। तेल से झुलसा रेहड़ी मालिक
जैसे ही स्कूटी रेडी से टकराई, कड़ाही में उबल रहा खौलता हुआ तेल सीधे वहां काम कर रहे युवक के ऊपर गिर गया। बताया जा रहा है कि युवक का चेहरा और शरीर का ऊपरी हिस्सा झुलस गया है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि तेल इतना गर्म था कि युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वह दर्द से कराहने लगा। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए। घायल युवक की हालत को देखते हुए उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। मौके पर मौजूद लोगों में इस घटना को लेकर काफी रोष देखा गया। पीड़ित युवक उस समय रेहड़ी पर अकेला ही काम कर रहा था। एक्टिवा सवार और पुलिस कार्रवाई
घटनास्थल पर सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी (नंबर PB 08 AD 01) खड़ी पाई गई, जिससे टक्कर हुई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूटी सवार लड़की का संतुलन बिगड़ने की वजह से यह हादसा हुआ। पुलिस को इस मामले की सूचना दे दी गई है। इस हादसे में रेहड़ी मालिक का सारा सामान और कीमती तेल बर्बाद हो गया है, जिससे उसे भारी आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।