सोनीपत जिले में आपसी रंजिश के चलते एक दंपती पर घर में घुसकर जानलेवा हमला करने, मारपीट करने, नगदी और मोबाइल छीनने तथा सोने की बाली लूटने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने न सिर्फ उसे और उसके पति को बेरहमी से पीटा, बल्कि 100 वर्ग गज के प्लॉट पर कब्जा करने और होली तक जान से मारने की धमकी भी दी। स्थानीय थाने में सुनवाई न होने पर पीड़िता ने पुलिस आयुक्त से न्याय की गुहार लगाई, जिसके बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। गन्नौर के गांव बड़ी की रहने वाली प्रियंका ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि संजू, उसकी पत्नी अर्चना, गौरख, रिया और छोटी पुत्री, सभी निवासी नजदीक काली माता मंदिर, गांव बड़ी, ने आपसी साजिश के तहत उनके घर में जबरन घुसकर लाठी-डंडों से हमला किया। प्रियंका के अनुसार संजू उसके पति के बुआ का लड़का है। आरोप है कि सभी ने मिलकर उसे और उसके पति को लात-घूंसों, मुक्कों और डंडों से बुरी तरह पीटा। उसके पति की दाहिनी आंख पर घूंसे मारे गए, जिससे गंभीर चोट आई। नकदी, मोबाइल और सोने की बाली लूटने का आरोप पीड़िता ने बताया कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने 7 हजार रुपए नकद और तीन टच मोबाइल फोन जबरदस्ती छीन लिए। साथ ही रिया ने उसके बाएं कान से सोने की बाली निकाल ली। जाते समय आरोपियों ने धमकी दी कि होली तक उन्हें जान से मार देंगे और उनका 100 वर्ग गज का प्लॉट छीन लेंगे। प्रियंका ने बताया कि उनके दो छोटे बच्चे हैं — 7 साल का बेटा और 5 साल की बेटी। घटना के समय बच्चे भी दहशत में आ गए। सरकारी अस्पताल से पीजीआई खानपुर रेफर हमले के बाद दंपती किसी तरह मौके से जान बचाकर निकले और सरकारी अस्पताल गन्नौर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने गंभीर चोटों को देखते हुए उन्हें पीजीआई खानपुर रेफर कर दिया। मेडिकल जांच में पति की पसली में फ्रैक्चर पाया गया। पीड़िता ने मेडिकल रिपोर्ट की प्रति भी शिकायत के साथ संलग्न की है। पहले भी हो चुके हैं हमले, जान-माल का खतरा प्रियंका ने आरोप लगाया कि संजू आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है और उस पर पहले भी हत्या के मुकदमे चल चुके हैं। उसने दावा किया कि यह तीसरी बार है जब आरोपियों ने उन पर जानलेवा हमला किया है। परिवार ने आशंका जताई है कि यदि उनके साथ कोई अनहोनी होती है तो उसके जिम्मेदार यही आरोपी होंगे। थाने में सुनवाई न होने पर सीपी से की शिकायत पीड़िता के अनुसार वह पहले थाना बड़ी, गन्नौर भी गई थी, लेकिन वहां उनकी सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद 11 फरवरी 2026 को उन्होंने पुलिस आयुक्त, सोनीपत को लिखित शिकायत देकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में दर्ज किया मुकदमा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 115(2), 351(3), 333, 190 और 191(3) के तहत थाना एचएसआईआईडीसी बड़ी में मामला दर्ज किया है। जांच अधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की भूमिका की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।