गोलगप्पे के पानी में चूहा, भास्कर ने रेहड़ी वाला ढूंढा:बोला- 3 युवक आए, उन्होंने ही छोड़ा; ब्लॉगर्स ने कहा था- नहीं निकलता तो हमारे पेट में होता

अमृतसर में गोलगप्पे की कांजी (पानी के डिब्बे) से चूहा निकलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। वीडियो की सच्चाई जानने के लिए दैनिक भास्कर एप की टीम ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। इस दौरान हमारी टीम ने करीब 12 रेहड़ी मालिक से पूछताछ की। इसके बाद हम उस रेहड़ी मालिक के पास पहुंचे, जिसकी रेहड़ी से यह वीडियो जुड़ा बताया जा रहा था। वह मध्यप्रदेश के भिंड जिले का रहने वाला है और 18 साल से गोलगप्पे का काम कर रहा है। पिछले 2 साल से सुल्तान विंड अमृतसर में रेहड़ी लगा रहा है। रेहड़ी मालिक जय श्रीराम ने दावा किया कि 8 फरवरी को तीन लोग उसकी रेहड़ी पर वीडियो बनाने आए थे, उनमें से एक ने चूहा छोड़ दिया। हम रोज दिन में तीन बार सफाई करते हैं और अगर फिर भी कोई कमी रह गई हो तो लोगों से माफी मांगता हूं। हालांकि ब्लॉगर ने वीडियो में कहा था कि अगर चूहा पानी से बाहर नहीं निकलता तो हमारे पेट में होता। पढ़ें ग्राउंड रिपोर्ट… पहले जानिए वीडियो में क्या था… बीते दिनों इंस्टाग्राम पर ‘करण धंजू26’ नाम के अकाउंट से वीडियो पोस्ट किया गया था, जो 8 फरवरी का बताया गया। इसके साथ कैप्शन में लिखा- ‘रैट इन पानी पुरी।’ वीडियो में ब्लॉगर और उसका दोस्त गोलगप्पों का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान अचानक कांजी में हलचल देखी। कुछ ही देर बाद मसाले से सना हुआ चूहा दिखाई दिया। इसके बाद रेहड़ी मालिक चूहे को निकालने की कोशिश करता है। कुछ ही सेकंड में चूहा कांजी से कूदकर पास के नाले में भाग जाता है। वीडियो में ब्लॉगर पहले तेज आवाज में कहता है कि गोलगप्पे में निकला चूहा, फिर कहता है कि हम लोग अपनी नॉर्मल चैलेंज वीडियो शूट कर रहे थे, लेकिन एकदम से आवाज आई और देखा तो पानी में चूहा था। उसको जल्दी से बाहर निकाला और बाद में हमने पानी भी फिकवा दिया। लेकिन शायद हम ना देखते, तो ये पानी हमारे पेट में होता, आप लोग भी सवाधान रहें। वीडियो वायरल होने के बाद हमने इंस्टाग्राम पर ब्लॉगर से इस बारे में संपर्क किया था। लेकिन उस समय उसने रेहड़ी मालिक की लोकेशन बताने से साफ इनकार कर दिया था। उसका कहना था कि वह जानकारी साझा नहीं कर सकता है। इसके बाद उसका कोई बयान सामने नहीं आया है। अब जानिए रेहड़ी मालिक ने क्या कहा… सवाल: वीडियो कब की है और क्या सच्चाई है?
जवाब: ये वीडियो 8 फरवरी की है। तीन लोग आए थे, उन्होंने मुझसे कहा कि वीडियो बनानी है और गोलगप्पे खाने हैं। खाते-खाते वो तीनों मेरे अगल-बगल खड़े हो गए। तीसरे बंदे ने रेहड़ी पर चूहा छोड़ दिया। सवाल: उन लोगों ने किसी चैनल का नाम बताया था?
जवाब: नहीं, मुझे कोई नाम नहीं बताया। बस मुझसे कहा कि वीडियो बनाकर कहूंगा, और मैंने उन्हें खिला दिए। सवाल: आपने कहा कि उसने चूहा छोड़ा है? आपको कैसे पता चला कि उसने चूहा छोड़ा?
जवाब: वो साथ खड़ा था, उसी ने चूहा छोड़ा है। सवाल: आपने उसे चूहा छोड़ते हुए देखा?
जवाब: ये नहीं कह सकता मैं, क्योंकि मैंने देखा नहीं। मगर उनके अलावा वहां कोई था भी नहीं। मैं अपनी रेहड़ी की सफाई दिन में तीन बार करता हूं। मैं सारा सामान चेक करता हूं, दुकान लगाते समय भी सब कुछ जांचता हूं। सवाल: ये बड़ा इल्जाम है, जो आप ब्लॉगर्स पर लगा रहे हो? इसे कन्फर्म कीजिए।
जवाब: साफ तौर पर क्या बताऊं, भगवान जाने। मैं तो दिन में तीन बार सफाई करता हूं। सुबह चटनी बनती है, जिंदा चूहा कैसे रह जाएगा? सवाल: लोगों के मन में जो दुविधा है, उसके बारे में क्या कहना चाहेंगे?
जवाब: मैं लोगों से कहना चाहता हूं कि गलती हो गई है, आगे से नहीं होगी। अगर फिर भी किसी तरह की कमी रह गई हो तो मैं लोगों से माफी मांगता हूं। अब जानिए क्या कार्रवाई हुई गोलगप्पे की कांजी (पानी के डिब्बे) से चूहा निकलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद फूड सेफ्टी विभाग ने जांच की बात कही थी। हालांकि अभी इस संबंध में विभाग की तरफ से कार्रवाई करने की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। *************** ये खबर भी पढ़ें:
अमृतसर में गोलगप्पे के पानी में निकले चूहे का VIDEO: कूदकर पास के नाले में भागा; ब्लॉगर बोला- देखते ना तो हमारे पेट में होता अमृतसर में गोलगप्पे की कांजी (पानी के लिए तैयार मसाले के मिश्रण) के डिब्बे से चूहा निकला। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसके साथ कैप्शन में लिखा- ‘रैट इन पानी पुरी।’ वीडियो में दिख रहा है कि ब्लॉगर और उसका दोस्त गोलगप्पों का आनंद ले रहे थे, इसी दौरान अचानक कांजी में हलचल देखी। (पढ़ें पूरी खबर)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *