देहरा में खाई में गिरा ट्रक, ड्राइवर घायल:मारुति की 5 गाड़ियां लेकर जा रहा, अचानक हुआ बेकाबू, बैरियर तोड़े

हिमाचल में कांगड़ा जिले के देहरा में नेशनल हाईवे 503 पर मुबारकपुर–रानीताल मार्ग के अंतर्गत माता चिंतपूर्णी मंदिर से पहले ही ढलियारा के तीव्र मोड़ पर मंगलवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मारुति की पांच नई गाड़ियों से लदा एक ट्रेलर ट्रक तेज रफ्तार के चलते अचानक अनियंत्रित हो गया और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए लगाए गए रोल क्रैश बैरियर को तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरा। ट्रक खाई में लुढ़ककर नीचे राधा स्वामी सत्संग भवन के ग्राउंड में जा पहुंचा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में ट्रक ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायल ड्राइवर को प्राथमिक उपचार के लिए देहरा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार चालक की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। पुलिस ने शुरू किया बचाव कार्य घटना की जानकारी मिलते ही देहरा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इसके साथ ही पुलिस जिला देहरा के एसपी मयंक चौधरी भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को त्वरित राहत कार्य, यातायात सुचारू रखने और हादसे के कारणों की गहन जांच के निर्देश दिए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रेलर ट्रक में मारुति कंपनी की पांच नई गाड़ियां लदी हुई थीं, जिन्हें कांगड़ा स्थित मारुति शोरूम तक पहुंचाया जाना था। हादसे में सभी गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है। नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। बेहद खतरनाक है ढलियारा का मोड़ स्थानीय लोगों का कहना है कि ढलियारा का यह मोड़ पहले से ही बेहद खतरनाक माना जाता है और यहां आए दिन हादसे होते रहते हैं। दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन द्वारा रोल क्रैश बैरियर लगाए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद भारी भरकम ट्रेलर उन्हें तोड़ते हुए खाई में गिर गया, जिससे सुरक्षा इंतजामों की मजबूती पर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों ने मांग की है कि इस स्थान पर और अधिक मजबूत सुरक्षा अवरोधक, स्पीड ब्रेकर और बड़े चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एनएच-503 पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रेलर को हटाने और सड़क को सुरक्षित बनाने का कार्य शुरू किया। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *