लुधियाना में दिनदहाड़े कारोबारी से लूट:बदमाशों ने भरे बाजार में सुआ से हमला किया, किसी ने नहीं की मदद

लुधियाना के सेदा चौक इलाके में आज बेखौफ लुटेरों ने दिन-दहाड़े एक कारोबारी को अपना निशाना बनाया। वारदात सुबह करीब 11:00 बजे की है जब पूरा बाजार ग्राहकों और राहगीरों से भरा होता है। लुटेरों ने न केवल लूट की वारदात को अंजाम दिया बल्कि कारोबारी पर बर्फ तोड़ने वाले ‘सुए’ से जानलेवा हमला भी किया। जानकारी के मुताबिक पीड़ित कारोबारी अपनी सफेद एक्टिवा स्कूटी पर दुकान की ओर जा रहा था। तभी पीछे से काली एक्टिवा पर सवार दो युवक आए और उन्हें बीच सड़क पर घेर लिया। सीसीटीवी फुटेज में कैद तस्वीरों में साफ दिख रहा है कि बदमाशों ने कारोबारी को धक्का देकर नीचे गिराया। नीचे गिरते ही बदमाशों ने कारोबारी के हाथ से सोने की अंगूठी छीन ली। जब कारोबारी ने विरोध करने की कोशिश की तो लुटेरों ने अपने पास रखे बर्फ वाले सुए से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। किसी ने नहीं की पीड़ित की मदद इस वारदात की सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि जिस वक्त यह सब हो रहा था सड़क से लगातार लोग गुजर रहे थे। सीसीटीवी में साफ नजर आ रहा है कि लोग पास से निकल रहे हैं लेकिन किसी ने भी आगे बढ़कर कारोबारी को बचाने या लुटेरों को पकड़ने की हिम्मत नहीं दिखाई। व्यापारियों का फूटा गुस्सा शहर में बढ़ती वारदातों और पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली से नाराज होकर व्यापारिक संगठन के प्रधान और स्थानीय दुकानदारों ने मौके पर ही धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।लुधियाना में अब लोग अपनी दुकानों पर जाने से भी डरने लगे हैं। पुलिस प्रशासन पूरी तरह फेल साबित हो रहा है। अगर दिन-दहाड़े भरे बाजार में कारोबारी सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता का क्या होगा । प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है लेकिन व्यापारियों का कहना है कि जब तक गिरफ्तारी नहीं होती रोष जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *