चंबा में खुलेगी ‘ग्लोबल स्किल्स एंड डिजिटल यूनिवर्सिटी’:हिमाचल CM बोले-सीखो-कमाओ मॉडल- इंडस्ट्री की जरूरत के हिसाब से ट्रेनिंग

हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार ने चंबा में ‘ग्लोबल स्किल्स एंड डिजिटल यूनिवर्सिटी’ की स्थापना को मंजूरी दे दी है। यह यूनिवर्सिटी प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा, डिजिटल लर्निंग और कौशल विकास को नई दिशा देगी। सीएम ने कहा कि यह यूनिर्सिटी चंबा के सिहुंता के मौहल चलेरा में स्थापित की जाएगी। संस्थान का फोकस कौशल-आधारित, व्यावसायिक और उद्योगोन्मुखी शिक्षा पर रहेगा, जिससे युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ेगी और उद्यमशीलता व नवाचार को प्रोत्साहन मिलेगा। सरकार के ‘सीखो और कमाओ’ मॉडल के जरिए विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ व्यावहारिक अनुभव और आर्थिक सशक्तिकरण का अवसर भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी में राष्ट्रीय कौशल योग्यता फ्रेमवर्क (NSQF) के अनुरूप क्रेडिट-आधारित प्रमाणपत्र, डिप्लोमा, स्नातक, स्नातकोत्तर और डॉक्टरेट कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। पढ़ाई के लिए ऑनलाइन, ब्लेंडेड और अनुभवात्मक शिक्षण पद्धतियां अपनाई जाएंगी, ताकि आधुनिक शैक्षणिक जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जा सके। ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों को ध्यान में रखते हुए यूनिवर्सिटी में हेल्थकेयर एवं एलाइड साइंसेज, मैनेजमेंट एवं कॉमर्स, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी, हॉस्पिटैलिटी एवं कुलिनरी आर्ट्स, इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, अपैरल एंड टेक्सटाइल, फूड प्रोसेसिंग, प्लास्टिक एवं पेट्रोकेमिकल्स, फिटनेस एंड फिजिकल एजुकेशन, कार्पेटिंग एंड फर्नीचर, ड्रोन डेवलपमेंट एंड एप्लिकेशन, पर्यावरण एवं आपदा प्रबंधन, कृषि और भाषाओं से जुड़े पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। डिजिटल मार्केटिंग और ई-कॉमर्स जैसे पाठ्यक्रम शुरू होंगे: CM सीएम ने कहा कि बदलते वैश्विक रोजगार बाजार और उभरती तकनीकों को ध्यान में रखते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिटिक्स, साइबर सुरक्षा, क्लाउड कंप्यूटिंग, डिजिटल मार्केटिंग, फिनटेक और ई-कॉमर्स जैसे अत्याधुनिक कार्यक्रम भी प्रारंभ किए जाएंगे। विद्यार्थियों को वर्चुअल लैब, इंडस्ट्री सहयोग और ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग के माध्यम से व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। यूनिवर्सिटी में प्लेसमेंट सपोर्ट सेल स्थापित किए जाएंगे रोजगार के बेहतर अवसर सुनिश्चित करने के लिए विश्वविद्यालय में मजबूत इंडस्ट्री लिंकेज, अप्रेंटिसशिप प्रोग्राम, इनक्यूबेशन सेंटर और प्लेसमेंट सपोर्ट सेल स्थापित किए जाएंगे। सेक्टर स्किल काउंसिल और प्रमुख उद्योगों के सहयोग से पाठ्यक्रम तैयार होंगे, ताकि प्रशिक्षण सीधे उद्योग की मांग से जुड़ा रहे। शिक्षा में सुधार के लिए उठाया कदम: CM मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में ‘व्यवस्था परिवर्तन’ के तहत राज्य सरकार शासन व्यवस्था, पाठ्यक्रम निर्माण और संस्थागत जवाबदेही में सुधार कर शिक्षा को अधिक पारदर्शी, परिणामोन्मुखी और विद्यार्थी-केंद्रित बना रही है। उनके अनुसार, ‘ग्लोबल स्किल्स एंड डिजिटल यूनिवर्सिटी’ शिक्षा और रोजगार के बीच की खाई को पाटने के साथ-साथ जिला चंबा और प्रदेश के सामाजिक-आर्थिक विकास को नई गति देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *