भवानीपुर में अग्निशमन कर्मियों ने चलाया जागरूकता अभियान:लोगों को आग से बचाव के तरीके बताए, लाइसेंस की जांच भी की

धमदाहा अग्निशमन कार्यालय के कर्मियों ने भवानीपुर नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों और मुख्य बाजार में जन-जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान अग्निशमन कर्मियों ने लोगों को आग से बचाव के तरीके बताए और आपातकालीन स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। अभियान में अग्निशमन कर्मी विशाल कुमार राज, संटू कुमार और रमेश कुमार चौधरी शामिल थे। उन्होंने लोगों को अग्निकांड से बचाव से संबंधित पर्चे वितरित किए और आपात स्थिति में अग्निशमन कार्यालय को सूचित करने के लिए संपर्क नंबर भी दिए। कर्मियों ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में 101 या 112 डायल करके सूचना दी जा सकती है। इस दौरान बिजली के शॉर्ट सर्किट, गैस सिलेंडर और घरों के चूल्हे से लगने वाली आग से बचाव के विस्तृत तरीके बताए गए। अग्निशमन कर्मियों ने लोगों से आग्रह किया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय धैर्य और हिम्मत से काम लें। जागरूकता अभियान के साथ-साथ अग्निशमन कर्मियों ने बाजार में संचालित क्लीनिकों, अल्ट्रासाउंड सेंटरों और पैथोलॉजी सेंटरों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने इन प्रतिष्ठानों में अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता और आवश्यक लाइसेंस की जांच की। जांच के दौरान पाया गया कि किसी भी क्लीनिक, पैथोलॉजी सेंटर या अल्ट्रासाउंड सेंटर के पास न तो अग्निशमन यंत्र थे और न ही कोई वैध लाइसेंस। कई प्रतिष्ठानों के संचालक जांच के डर से अपनी दुकानें बंद कर फरार हो गए थे। अग्निशमन कर्मियों ने स्पष्ट किया कि सभी प्रतिष्ठानों के लिए अग्निशमन संयंत्र रखना अनिवार्य है और इसका पालन न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *