जालंधर में BKI के दो आतंकियों गिरफ्तार:हथियार सहित काउंटर इंटेलिजेंस ने दबोचा, विदेशी हैंडलर्स के इशारे पर ट्रैवल एजेंट पर की थी फायरिंग

जालंधर काउंटर इंटेलिजेंस ने जबरन वसूली और फायरिंग की घटनाओं में शामिल प्रतिबंधित संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक अवैध पिस्तौल और कारतूस बरामद हुए हैं। यह मॉड्यूल विदेशों में बैठे हैंडलर्स के इशारे पर पंजाब में दहशत फैलाने और व्यापारियों को निशाना बनाने का काम कर रहा था। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुखविंदर सिंह उर्फ सन्नी और रावल के रूप में हुई है, जो एसबीएस नगर के गांव कुलम के रहने वाले हैं। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ये दोनों बीकेआई से जुड़े विदेशी हैंडलर्स गोपी नवांशाहरीया, जस्सी कुलम और सुशांत चोपड़ा के सीधे निर्देशों पर काम कर रहे थे। ट्रैवल एजेंट के घर पर की थी फायरिंग
जांच में खुलासा हुआ है कि इन आरोपियों ने जबरन वसूली के लिए गढ़शंकर क्षेत्र में एक ट्रैवल एजेंट को निशाना बनाया था। डराने-धमकाने के मकसद से आरोपियों ने एजेंट के घर पर दो बार गोलीबारी की थी। पुलिस काफी समय से इस मॉड्यूल की तलाश में थी। जालंधर-अमृतसर हाईवे से हुई गिरफ्तारी
खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए सीआई जालंधर की टीम ने जालंधर-अमृतसर हाईवे पर जालंधर के सुरानस्सी में लिदड़ां अंडरब्रिज के पास जाल बिछाया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हथियारों के साथ रंगे हाथों दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 01 .32 बोर पिस्तौल,01 मैगजीन और 08 जिंदा कारतूस बरामद किए है। इस संबंध में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सैल (SSOC) अमृतसर में एफआईआर नंबर 11 (तारीख 23.02.2026) दर्ज की गई है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111, 61 (2) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। डीजीपी ने कहा कि इस मॉड्यूल के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक्स खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन्हें फंड्स और हथियार कहां से मिल रहे थे। आने वाले दिनों में इस मामले में कुछ और बड़े खुलासे और गिरफ्तारियां होने की पूरी संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *