नालंदा के अस्थावां थाना क्षेत्र के चुलिहारी मोड़ के पास आज सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक के अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा जाने के कारण घटना हुई है। मृतकों की पहचान अस्थावां थाना क्षेत्र के चुलिहारी गांव निवासी डोमन राउत के बेटे मनीष राउत (38) और पटना के घोसवरी थाना क्षेत्र के सफराज नगर कुम्भरा गांव निवासी मुरारी राउत के बेटे पुटुस कुमार (राउत) (37) के रूप में की गई है। बेकाबू होकर पेड़ से टकराई बाइक पुटुस राउत अपनी बुआ के घर चुलिहारी गांव आया हुआ था। मंगलवार को वह अपने ममेरे भाई मनीष राउत के साथ बाइक से कहीं जा रहा था। इसी दौरान सारे-वारिसलीगंज मार्ग पर चुलिहारी मोड़ के पास अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि हादसे के बाद दोनों युवकों के शव सड़क किनारे पड़े हुए थे। घटना की भनक लगते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ वहां इकट्ठा हो गई और फौरन मृतकों के परिजनों को इसकी सूचना दी गई। खबर मिलते ही परिजन बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे। उनकी चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। मृतक मनीष कुमार के छह बच्चे हैं, जिनके सिर से अचानक पिता का साया उठ जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आगे की छानबीन कर रही पुलिस घटना की गंभीरता को देखते हुए अंचलाधिकारी (सीओ) रवीन्द्र कुमार चौपाल, पुलिस इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिन्हा, अस्थावां थानाध्यक्ष उत्तम कुमार और सब-इंस्पेक्टर (एसआई) धर्मेंद्र कुमार दलबल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अस्थावां थानाध्यक्ष उत्तम कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी कर दोनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया है और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बिहारशरीफ भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की छानबीन कर रही है।