भोजपुर में ‘पानी वाले बाबा’ पर धर्म बदलवाने का आरोप:हिंदू संगठनों ने किया बवाल, गांव की महिलाएं बोलीं- पवित्र जल से हमारी बीमारी ठीक हुई

भोजपुर के बड़हरा थाना क्षेत्र में धर्मांतरण को लेकर मंगलवार को माहौल अचानक गरमा गया। चातर गांव के पकड़िया टोला में ‘पानी वाले बाबा’ के नाम से चर्चित एक व्यक्ति पर झाड़-फूंक के बहाने भोले-भाले लोगों को धर्म बदलने के लिए प्रेरित करने का आरोप लगा है। इसी सूचना पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पहले गांव में बवाल काटा। इसके बाद पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम और स्थानीय महिलाओं के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। धार्मिक किताबें बांटकर धर्म परिवर्तन के लिए लालच देता था बताया जा रहा है कि आरोपित व्यक्ति नेपाल से दूसरे धर्म से जुड़ी किताबें लाकर लोगों के बीच बांटता था और कथित रूप से उन्हें धर्म परिवर्तन के लिए समझाता था। गांव में इस गतिविधि की चर्चा फैलते ही लोगों में आक्रोश बढ़ गया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने इसे लेकर विरोध जताया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़हरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। संदिग्धों को हिरासत में लेने की कोशिश पर भड़की महिलाएं पुलिस ने मौके पर मौजूद कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान वहां मौजूद महिलाओं ने इसका विरोध करते हुए पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और महिलाओं ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करते हुए हिरासत में लिए गए लोगों को छुड़ा लिया। इस दौरान कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल को भी सतर्क कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वास्तव में धर्मांतरण की कोई गतिविधि चल रही थी या फिर मामला अफवाह या आपसी विवाद का है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आने की बात कही जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *