क्राफ्ट बाजार, लोक गायकी से महकेगा उत्सव

भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब सरकार के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग की ओर से 27 फरवरी से शुरू होने वाले तीन दिवसीय ‘रंगला पंजाब उत्सव’ की तैयारियों को लेकर डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह ने बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस मेले में आने वाले लोगों को किसी तरह की कोई भी कमी नहीं रहनी चाहिए। डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि यह तीन दिवसीय उत्सव पंजाब, पंजाबी और पंजाबी संस्कृति को समर्पित होगा। उत्सव के दौरान आकर्षक क्राफ्ट बाजार लगाया जाएगा, जहां दुकानदार पारंपरिक पंजाबी हस्तशिल्प और अन्य वस्तुओं की बिक्री करेंगे। साथ ही फूड कोर्ट में पंजाब के लजीज व्यंजनों का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा, जहां लगभग 30 स्टॉल लगाए जाएंगे। विभिन्न सरकारी विभाग भी अपने-अपने स्टॉल लगाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। उत्सव के तीनों दिन शाम को प्रसिद्ध पंजाबी गायक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। 27 फरवरी को पहले दिन विरासत संधू, जसपिंदर नरूला और जैजी बी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। 28 फरवरी को मीत कौर, कौर बी और कुलविंदर बिल्ला दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। वहीं 1 मार्च को अंतिम दिन हरजीत हरमन, बाणी संधू और मनमोहन वारिस अपनी गायकी से समां बांधेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *