हरियाणवी सिंगर रॉकी ने पुलिस ने मांगे 21 दिन:बोले-नॉन-बेलेबल धाराएं लगा जेल में डाला, तत्कालीन दोनों DSP और SHO पर कार्रवाई की मांग

हरियाणा के मशहूर सिंगर रॉकी मित्तल ने कैथल जिले के दो पूर्व डीएसपी और वर्तमान में पूंडरी एसएचओ पर उसे बिना कारण 21 दिन जेल में रखने का आरोप लगाया है। इस संबंध में रॉकी ने कैथल एसपी उपासना को लिखित शिकायत दी है। एसपी को दी शिकायत में रॉकी ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2015 में उस पर एक जज की गाड़ी को रोकने और हाथापाई का आरोप लगा था। इस संबंध में शहर थाना पुलिस ने तुरंत उस पर केस दर्ज कर लिया और उसे 21 दिन के लिए जेल में डाल दिया। उस पर भारतीय दंड संहिता की जो धाराएं लगाई गई थी, उनमें यह कहा गया था कि रॉकी मित्तल ने एक ऑन ड्यूटी जज की गाड़ी रोक कर उससे हाथापाई की और इस एवज में उस पर नॉन बेलेबल ऑफेंस की धाराएं जोड़कर उसे तुरंत जेल में डाल दिया गया। इस संबंध में जब उनके वकील ने आरटीआई लगाकर जज के ड्यूटी पर होने या न होने की जानकारी मांगी तो पता चला कि जज ड्यूटी पर नहीं थे बल्कि छुट्टी पर थे। रॉकी ने कहा- 21 दिन लौटाएं रॉकी ने कहा कि उस समय शहर थाना में एसएचओ शिवकुमार थे, जो इस समय पूंडरी में एसएचओ के पद पर तैनात हैं। अब जब एसएचओ को बयान देने के लिए न्यायपालिका में बुलाया गया तो एसएचओ ने माना कि रॉकी पर लगाई गई नॉन बेलेबल धाराएं सही नहीं थी। रॉकी ने एसपी को दी शिकायत में गुहार लगाई है कि जिन नॉन बेलेबल धाराओं की एवज में उसे 21 दिन जेल में रखा गया वे 21 दिन उसे लौटाए जाएं। तत्कालीन दोनों डीएसपी दिलीप सिंह और कुलवंत सिंह एवं एसएचओ के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस संबंध में एसपी उपासना ने कहा कि पुलिस के पास मामले को लेकर रॉकी मित्तल की शिकायत आई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उन्हीं के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। ये है पूरा मामला बता दें कि वर्ष 2015 में कैथल की नई अनाज मंडी में एक अज्ञात आरोपी ने आढ़ती मुनीष मित्तल की गोलियां मारकर हत्या कर दी थी और मौके से फरार हो गया था। जब कई दिनों तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो रॉकी मित्तल ने अपने समर्थकों के साथ शहर के जींद रोड पर जाम लगा दिया था। उस समय जज की गाड़ी भी मौके पर आई थी, जिसे रॉकी मित्तल ने रोक लिया था। कार्रवाई की मांग गाड़ी रोकने के बाद आरोप लगा कि रॉकी ने जज के साथ हाथापाई की उसकी गाड़ी की बत्ती को तोड़ दिया। इस संबंध में रॉकी को जांच में शामिल कर पूछताछ की गई और उन पर नॉन बेलेबल धाराएं लगाकर 21 दिन तक जेल में रखा गया। अब रॉकी ने एसएचओ द्वारा दिए गए बयान के आधार पर तत्कालीन 2 डीएसपी और पूंडरी थाना में तैनात एसएचओ शिवकुमार पर नियम अनुसार कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में पूंडरी थाना एसएचओ शिव कुमार ने कहा कि जिस समय यह मामला सामने आया तो प्रथम दृश्ट्या नॉन बेलेबल धाराओं के तहत रॉकी मित्तल को पकड़ा गया था। जांच में पाया गया कि जज छुट्‌टी पर थे। उसी आधार पर नॉन बेलेबल धाराओं को हटा दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *