18 साल छोटी स्टूडेंट से 17 साल अफेयर:अपने ही स्कूल में दिलवाई नौकरी ताकि मिलते रहें, प्रेग्नेंसी के प्रेशर में मंदिर में की शादी

मैं जब स्कूल में पढ़ती थी, तब से सर (राकेश साह) मुझे अच्छे लगते थे। स्कूल में मुलाकात के बाद कोचिंग जाने के दौरान भी मैं उनसे मिलती थी। मुझे उनका साथ काफी अच्छा लगता था। ये बात 2009 की है। उसी दौरान मैंने स्कूल में पढ़ाना भी शुरू किया था। पहले सर को मैंने प्रपोज किया। सर ने मुझे काफी समझाया, लेकिन मेरे प्यार के आगे उन्हें झुकना पड़ा। ये बातें 32 साल की शाइस्ता परवीन ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कही। शाइस्ता और राकेश के बीच 17 साल से अफेयर चल रहा था। दोनों ने 18 फरवरी को नेपाल के एक मंदिर में शादी की। दोनों की उम्र में 18 साल का अंतर है। दोनों की शादी उस वक्त चर्चा में आई, जब शाइस्ता के भाई ने अपनी बहन को किडनैप किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद शाइस्ता ने अपने टीचर से शादी की तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी। शाइस्ता परवीन और राकेश साह की प्रेम कहानी क्या है, दोनों के बीच कब और कैसे अफेयर शुरू हुआ, शादी के बाद शाइस्ता परवीन का पूरे मामले को लेकर क्या कहना है? पढ़िए पूरी रिपोर्ट। पहले दोनों की शादी की 2 तस्वीरें देखिए सबसे पहले जानिए, शाइस्ता परवीन ने अपनी प्रेम कहानी को लेकर क्या बताया?
सीतामढ़ी के एक प्राइवेट नर्सिंग होम में एडमिट शाइस्ता परवीन ने कहा कि, मेरे भाई ने राकेश साह के खिलाफ जो आरोप लगाए हैं, वो बिल्कुल गलत है। मेरा किसी ने किडनैप नहीं किया था, मैं अपनी मर्जी से अपने प्रेमी राकेश साह के साथ नेपाल गई थी। मैंने नेपाल में राकेश साह के साथ शादी की। शाइस्ता ने बताया कि मुझे अच्छे से पता है कि राकेश साह शादीशुदा हैं। उनके दो बेटों की शादी भी हो चुकी है। इस मामले पर हम दोनों ने शुरूआत में ही बातचीत की थी। काफी सोच विचार के बाद हम दोनों ने फैसला किया कि शादी करेंगे जो होगा देखा जाएगा। 2009 से अफेयर, 2025 में चुपके से शादी, बच्चे की प्लानिंग शाइस्ता परवीन ने बताया कि हम दोनों के बीच 17 साल से अफेयर चल रहा है। 2009 में प्यार के इजहार के 5 साल बाद मैं बालिग हो गई थी। अब मैं अपने प्रेमी से दूर नहीं रह सकती थी और मेरा एडमिशन भी दूसरी जगह हो गया था। राकेश से मैं दूर न रहूं, इसलिए मैंने उनके स्कूल में पढ़ाना शुरू कर दिया, ताकि हम दोनों की रोज मुलाकात हो सके और हम दोनों एक दूसरे को देख सके। शाइस्ता ने बताया कि 2025 में हम दोनों ने लंबे समय तक चले प्यार को नाम देने का फैसला किया। पिछले साल मैंने और राकेश साह ने मुजफ्फरपुर में ही गुपचुप तरीके से शादी की। इसके बाद मैं प्रेग्नेंट हो गई। प्रेग्नेंसी के करीब 5 महीने बाद मेरे घर में प्रेग्नेंसी के बारे में पता चल गया। मेरे घर में इसे लेकर काफी बवाल हुआ। मुझसे पूछा गया कि बच्चा किसका है, मैंने बिना किसी डर और संकोच के बच्चे के पिता का नाम बता दिया। जब मैंने राकेश साह का नाम बताया तो घर में सभी लोग चौंक गए। अबॉर्शन कराने का दबाव दिया, दूसरी शादी का लालच दिया शाइस्ता परवीन ने बताया कि बच्चे की डिलीवरी और शादी से पहले मैं पूरे 9 महीने घर पर ही रही हूं। इस दौरान मेरे घरवालों ने मुझ पर अबॉर्शन का दबाव डाला। मुझे लालच दिया और कहा कि राकेश साह की उम्र तुमसे ज्यादा है, इसलिए तुम रिश्ता तोड़ दो, अबॉर्शन करा लो, तुम्हारी अच्छे घर में शादी करा देंगे। शाइस्ता ने कहा कि मुझे राकेश साह से ही शादी करनी थी, उनके साथ ही जीना-मरना है, इसलिए मैंने अपने घरवालों को बता दिया कि मैं शादी सिर्फ राकेश साह से ही करूंगी और बच्चे को जन्म भी दूंगी। उन्होंने बताया कि 18 फरवरी को मैं अपने घर से निकली और राकेश साह के साथ नेपाल पहुंच गई। नेपाल में सबसे पहले हम लोगों ने मंदिर में शादी की। तस्वीरें क्लिक कराई। घर से निकलने और नेपाल पहुंचने के बाद मुझे पता चल गया कि राकेश साह के खिलाफ मेरे भाई ने FIR दर्ज कराई है, जिसमें आरोप लगाया गया कि उन्होंने मेरा किडनैप किया है। इसलिए मैंने सोशल मीडिया पर अपनी और राकेश की शादी की तस्वीरें पोस्ट की, ताकि ये पता चल जाए कि मैंने शादी कर ली है। घरवालों को राकेश के बारे में पहले से पता था, इसलिए किडनैपिंग की FIR दर्ज कराना बिल्कुल गलत है। शाइस्ता ने बताया कि मेरे पति राकेश साह के दोस्त पुरुषोत्तम के साथ मारपीट की सूचना भी मिली है, ये भी गलत है। उनका कोई दोष नहीं है। उन पर आरोप लगाया गया है कि मुझे किडनैप किए जाने के पीछे पुरुषोत्तम का भी हाथ है, ये आरोप बिल्कुल गलत है। ‘शादी के बारे में बताने के लिए सही समय का इंतजार कर रहे थे’
शाइस्ता ने बताया कि मैंने और राकेश ने अपनी प्रेम कहानी कभी किसी के सामने आने नहीं दी। हम दोनों ने इस बारे में किसी से कोई जिक्र नहीं किया था। बस हम लोग सही समय का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही समय मिला, हम लोग नेपाल चले गए और मंदिर में शादी कर ली। तीन दिन बाद मैंने बच्चे को जन्म दिया है।
निजी नर्सिंग होम में एडमिट शाइस्ता को जब बताया गया कि आपके माता-पिता और भाई बाहर आपका इंतजार कर रहे हैं, आपको अपने साथ घर ले जाना चाहते हैं। इस पर शाइस्ता ने कहा कि उनसे मेरी गुजारिश है कि वो घर चले जाएं। मैं राकेश सर के ही घर पर ही रहूंगी, उनके साथ ही रहूंगी, मेरा जीना-मरना राकेश के साथ है। राकेश के घर में लटका ताला, परिवार समेत फरार एक तरफ शाइस्ता ने मीडिया के सामने आकर अपने प्रेम कहानी की जानकारी दी, वहीं शादी के बाद से ही राकेश साह परिवार समेत फरार है। राकेश के घर में ताला लटका हुआ है, जबकि उनके स्कूल में भी किसी तरह की अनहोनी की आशंका को लेकर पुलिस की पहरेदारी है। स्कूल के एक बच्चे ने दैनिक भास्कर के रिपोर्टर को बताया कि स्कूल के वॉट्सएप ग्रुप में मैसेज आया था कि 25 फरवरी के बाद स्कूल खुलेगा। इसलिए हम लोग स्कूल नहीं जा रहे हैं। राकेश 34 साल से औराई प्रखंड के बीएसएनएल टावर के पास मॉर्डन इंग्लिश स्कूल चला रहे हैं। वे स्कूल के डायरेक्टर और एमडी हैं। इसके अलावा, स्कूल में पढ़ाते भी हैं। अब शाइस्ता और राकेश साह के परिवार के बारे में जानिए राकेश शाह के पिता और माता का पिछले साल ही निधन हुआ था। राकेश के पिता की औराई में ही बर्तन की दुकान थी। उनके निधन के बाद बर्तन की दुकान पर राकेश का बेटा विशाल बैठता है, जबकि राकेश का एक और बेटे की कपड़े की दुकान है। राकेश तीन बच्चों के पिता हैं, जिनमें 27 साल के विवेक कुमार और 25 साल के विशाल कुमार की शादी हो चुकी है। तीसरा बेटा 22 साल का सोनू कुमार पढ़ाई करता है, जबकि 19 साल की बेटी भी पढ़ाई करती है। राकेश साह की पत्नी 43 साल की विमल देवी विधानसभा, पंचायत और जिला परिषद का चुनाव भी लड़ चुकी हैं। विमल देवी साल 2020 में विधानसभा का चुनाव लड़ी थीं। हालांकि, उन्हें चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। एक साल बाद यानी 2021 में विमल देवी ने जिला परिषद सदस्य पद पर चुनाव लड़ा। ये उनका तीसरा प्रयास था। तीनों ही बार विमल देवी को हार का सामना करना पड़ा। मतीन अशरफ उनके प्रस्तावक थे।
9 बहनों में 5वें नंबर पर है शाइस्ता, चार बड़ी बहनों की हो चुकी है शादी 32 साल की शाइस्ता परवीन कुल 10 भाई बहन हैं। बहनों में शाइस्ता 5वें नंबर पर है। 9 बहनों के बाद सबसे छोटा 10वें नंबर पर उसका भाई फैसल इमाम अशरफ है। 68 साल के मतीन अशरफ और 63 साल की शहनाज बेगम की 4 बेटियों की शादी हो चुकी है। —————————— ये खबर भी पढ़ें शादी के तीन दिन बाद मां बनी शाइस्ता परवीन:60 साल के प्रिंसिपल के साथ नेपाल में की शादी; भाई बोला- बहन को हिन्दू बना दिया 60 साल के प्रिंसिपल राकेश साह से शादी करने वाली स्कूल टीचर शाइस्ता परवीन (28) अब मां बन गई है। शाइस्ता परवीन ने बेटी को जन्म दिया है। वो सीतामढ़ी के एक प्राइवेट अस्पताल में एडमिट है। राकेश और शाइस्ता परवीन ने 18 फरवरी को नेपाल जाकर शादी की थी। शादी की तस्वीरें भी दोनों ने सोशल मीडिया पर साझा की थी। 21 फरवरी को शाइस्ता परवीन ने बच्ची को जन्म दिया है। पूरी खबर पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *