करनाल में लिव-इन में रह रहे युवक की मौत:मां बोली- शादी का दबाब डाल रही थी; महिला ने कहा–बहस के बाद लगाया फंदा

करनाल के सूरज नगर इलाके में एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। युवक दो बच्चों की मां के साथ लिव-इन-रिलेशनशिप में रह रहा था और उसने महिला के घर पर ही फांसी लगाकर जान दी। मृतक के परिजनों ने महिला पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि महिला ने सभी आरोपों को सिरे से नकार दिया है। पुलिस ने शव को मोर्च्युरी हाउस भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मृतक की पहचान 23 वर्षीय आशु निवासी सूरज नगर, करनाल के रूप में हुई है। मृतक की मां ने बताया कि आशु पिछले कुछ महीनों से दो बच्चों की मां के साथ लिव-इन-रिलेशनशिप में रह रहा था। वह दिन में अपने घर पर रहता था और रात को महिला के पास चला जाता था। मां का आरोप है कि महिला उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी और धमकी देती थी कि अगर शादी नहीं की तो पूरे परिवार को बर्बाद कर देगी। परिजनों का कहना है कि आशु आत्महत्या नहीं कर सकता, उसकी हत्या की गई है। महिला ने कहा—“मैं उससे बहुत प्यार करती थी” महिला ने आरोपों को निराधार बताया और कहा कि वह आशु के साथ छह महीने से लिव-इन-रिलेशनशिप में रह रही थी। दोनों के बीच आपसी झगड़ा हुआ था। महिला के अनुसार, रात करीब 11 बजे किसी लड़की को लेकर विवाद हुआ। उसने कहा कि वह दूध लेने बाहर गई थी और थोड़ी देर बाद लौटकर आई तो आशु ने पंखे से चुन्नी बांधकर फांसी लगा ली थी। उसने कैंची से चुन्नी काटकर आशु को नीचे उतारा और उसकी जान बचाने की कोशिश की। “तीन घंटे तक रिक्शा ढूंढती रही” महिला ने बताया कि उसने आशु के एक दोस्त को कॉल किया, जिसने उसे छाती दबाने के लिए कहा। ऐसा करने पर आशु ने उल्टी कर दी। महिला ने बताया कि वह रातभर रिक्शा ढूंढती रही ताकि उसे अस्पताल ले जा सके, लेकिन कोई साधन नहीं मिला। बाद में डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची, जिसे उसने पूरी घटना की जानकारी दी। “मैं मुस्लिम हूं, वह हिंदू था” महिला ने बताया कि वह मुस्लिम है और आशु हिंदू था। वह उसे अपनाना नहीं चाहता था। उसने कहा कि उसने कभी शादी का दबाव नहीं बनाया और न ही किसी तरह का टॉर्चर किया। महिला ने यह भी दावा किया कि आशु नशा करता था और अवैध कामों में शामिल था। पुलिस जांच में जुटी डायल-112 पुलिस के अनुसार, अस्पताल से युवक की मौत की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि युवक एक महिला के साथ लिव-इन-रिलेशनशिप में रह रहा था। परिजनों ने महिला पर हत्या का आरोप लगाया है। मामला सेक्टर-32-33 थाना पुलिस को सौंपा गया है। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी और सभी पहलुओं से जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *