लुधियाना में फर्जी लेडी पुलिसकर्मी पकड़ी:ट्रक ड्राइवरों से करती थी अवैध वसूली, गुरदासपुर की रहने वाली, हाव-भाव देखकर हुआ था शक

लुधियाना में ट्रांसपोर्ट नगर में मंगलवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस की वर्दी पहनकर ट्रक चालकों पर रौब झाड़ने वाली एक महिला की असलियत सामने आ गई। खुद को पुलिस मुलाजिम बताकर कागजात जांचने के नाम पर अवैध वसूली कर रही महिला को ड्राइवरों ने रंगे हाथों पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी की पहचान गुरदासपुर निवासी 32 वर्षीय रमनदीप कौर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पुलिस की वर्दी पहन कर सड़क पर उतरती, ट्रकों को रुकवाती और दस्तावेज चेकिंग का दबाव बनाकर ड्राइवरों से नकदी ऐंठती थी। ऐसे खुली पोल शुरुआत में ड्राइवर वर्दी देखकर सहम गए और कागजात दिखाने लगे, लेकिन महिला के हाव-भाव और बातचीत के तरीके पर उन्हें शक हुआ। जब कुछ ड्राइवरों ने उससे सख्ती से सवाल पूछे तो वह घबरा गई। इसके बाद सभी ड्राइवरों ने एकजुट होकर उसे घेर लिया और पीसीआर टीम को सूचना दे दी। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में ले लिया। अधिकारियों ने साधी चुप्पी इस मामले में थाना मोती नगर के प्रभारी इंस्पेक्टर भूपिंदर सिंह विर्क ने बताया कि अभी मामले की जांच चल रही है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। इससे ज्यादा अभी पुलिस अधिकारी ने कुछ नहीं बताया। बता दें कि, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करने की प्रक्रिया पुलिस ने शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता कर रही है कि उसके पास वर्दी कहां से आई और क्या वह किसी संगठित गिरोह से जुड़ी हुई है। मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और पुराने आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं यह कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं जो रात के अंधेरे में ट्रक ड्राइवरों को निशाना बना रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *