जालंधर में तीन दुकानों से हजारों की चोरी:तीसरी मंजिल से दुकान में दाखिल हुए, शटर तोड़ा, कीमती सामान- डीवीआर ले गए

जालंधर में मंगलवार देर रात चोरों ने फगवाड़ा गेट पर तीन दुकानों को निशाना बनाया। तीनों दुकानों से चोरों ने शटर तोड़कर नकदी और सामान लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी सुबह दुकानदारों को हुई। चोर दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे और डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) भी अपने साथ ले गए। जिससे चोरों की पहचान करना मुश्किल हो सकता है। दुकान मालिकों को लगभग सुबह 9:30 बजे चोरी का पता चला। घटना की सूचना मिलते ही बाजार के प्रधान सहगल ने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। चोरी की घटना से बाजार के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। भल्ला एंड कंपनी के मालिक ने बताया कि चोर छत के रास्ते दुकान में घुसे और तिजोरी से लगभग 25 से 30 हजार नकद चुरा लिए। इसके अलावा अजंता इलेक्ट्रॉनिक के मालिक प्रवीण के अनुसार, चोर तीसरी मंजिल से दुकान में दाखिल हुए और नकदी सहित अन्य सामान लेकर फरार हो गए। एमएल इंडस्ट्री के मालिक चंदन शर्मा ने बताया कि उनकी दुकान में यह तीसरी बार चोरी हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि हर बार तीन दुकानों को एक साथ निशाना बनाया जाता है। चंदन शर्मा ने पहले भी पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। दुकानों में चोरी के घटना स्थल पर थान तीन की पुलिस पहुंची। पुलिस दुकान मालिको के बयान के आधार पर FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *