हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा से विवाद के बाद सिंगर राहुल पुट्ठी भी सुर्खियों में बने हुए हैं। इसी विवाद के चलते हांसी स्थित गांव पुट्टी में एक पंचायत आयोजित की गई। पंचायत में राहुल पुट्टी भी शामिल हुए, जहां गांव के सरपंचों और ग्रामीणों ने उन्हें चद्दर ओढ़ाकर 51 हजार रुपए भेंट कर सम्मानित किया। पंचायत के बाद राहुल पुट्टी ने कहा कि उनका विरोध किसी व्यक्ति विशेष से नहीं, बल्कि सरपंचों, विधायकों और मंत्रियों की गरिमा के सम्मान के लिए है। राहुल पुट्टी ने आरोप लगाया कि मासूम शर्मा ने एक स्टेज पर कहा था कि वह सरपंचों, मंत्रियों और विधायकों को नहीं मानते, बल्कि उनका स्टेज ही सर्वोपरि है। राहुल के अनुसार, इस बयान से जनप्रतिनिधियों की गरिमा को ठेस पहुंची है, जिसके बाद उन्होंने उनके हक में आवाज उठाई और एक गीत भी बनाया। राहुल बोले- मेरे समर्थन में कई सरपंच राहुल पुट्टी ने बताया कि गांव पुट्टी के सरपंच सुरेंद्र और अन्य ग्रामीणों ने उनका सम्मान कर समर्थन जताया है। उन्होंने पंचायत और ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हरियाणा के कई सरपंच उनके समर्थन में हैं। राहुल के मुताबिक, सरपंच संघ से जुड़े पदाधिकारियों ने भी फोन पर समर्थन व्यक्त किया है, जिससे उनका हौसला बढ़ा है। राहुल पुट्टी ने स्पष्ट किया कि वह व्यक्तिगत रूप से कोई समझौता नहीं करेंगे। उनके अनुसार, यदि कोई समझौता होना है, तो उस पर सरपंच, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि ही फैसला करेंगे। मासूम शर्मा हाथ जोड़कर मांगे माफी राहुल ने अपनी मांग दोहराई कि मासूम शर्मा सभी सरपंचों से हाथ जोड़कर माफी मांगे, तभी यह विवाद शांत हो सकता है। सरकार द्वारा ‘गन कल्चर’ और बदमाशी से जुड़े गानों पर कार्रवाई के मुद्दे पर राहुल पुट्टी ने कहा कि इस तरह के सबसे अधिक गाने मासूम शर्मा के हैं। उन्होंने यह भी टिप्पणी की, कि सुरक्षा के लिए मिले लाइसेंसी हथियार और गनमैन के साथ रील बनाना समाज में गलत संदेश देता है। राहुल पुट्टी ने कहा कि वह जनप्रतिनिधियों के सम्मान के मुद्दे पर आगे भी आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने दावा किया कि मासूम शर्मा ने एक इंटरव्यू में अपने शब्द वापस लेने की बात कही, लेकिन राहुल के अनुसार इससे सरपंचों की हुई बेइज्जती आत्म सम्मान को लगी हुई ठेस पूरी तरह दूर नहीं हो सकती।