सीतामढ़ी में भाजपा नेता के भाई को मारी गोली:बाइक सवार बदमाशों ने किया हमला, सदर अस्पताल में इलाज जारी, इलाके में पुलिस की घेराबंदी

सीतामढ़ी जिले के पनौरा थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम एक बड़ी वारदात हुई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता देवेंद्र साह के भाई सुरेंद्र साह को अज्ञात बाइक सवार तीन अपराधियों ने गोली मार दी। सुरेंद्र साह मनियारी पंचायत के मुखिया पति और पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष भी हैं। उन्हें घायल अवस्था में तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र साह बेलसंड से अपने घर लौट रहे थे। पमरा पुल के पास पहले से घात लगाए तीन बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली लगने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल सुरेंद्र साह को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पूरे इलाके की घेराबंदी कर छानबीन शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पनौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर छानबीन शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अपराधी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इस घटना से राजनीतिक और स्थानीय दोनों हलकों में चिंता का माहौल है। भाजपा नेता देवेंद्र साह के परिवारजनों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पनौरा थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि अपराधियों की पहचान कर जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस घटना के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *