अवैध हथियार के साथ दो युवक अरेस्ट:जयनगर पुलिस ने वाहन चेकिंग में पकड़ा,कट्टा और एक मोबाइल बरामद

मधुबनी जिले के जयनगर थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान दो युवकों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवकों के पास से एक देशी कट्टा, एक मोबाइल और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। पुलिस ने यह कार्रवाई जयनगर थाना क्षेत्र के वाटर वेज चौक के पास की। विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस टीम द्वारा वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए भाग रहे मोटरसाइकिल सवार दोनों व्यक्तियों का पीछा किया और घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में युवकों ने अपनी पहचान बाबूबरही थाना क्षेत्र के औरही वार्ड तीन निवासी शंकर कुमार और चंदन कुमार के रूप में बताई। विधिवत तलाशी लेने पर उनके पास से एक देशी कट्टा और एक मोबाइल बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद अवैध हथियार, मोबाइल और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया। इस मामले में बुधवार शाम को थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ राघव दयाल ने जानकारी दी। इस दौरान थानाध्यक्ष अमित कुमार भी मौजूद थे। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास और संभावित गिरोह के नेटवर्क का पता लगा रही है। इसके साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि उन्हें यह अवैध हथियार कहां से मिला और इसका उपयोग किस घटना को अंजाम देने के लिए किया जाना था। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है। क्षेत्र में पर्व-त्योहारों और विधि व्यवस्था की शांतिपूर्ण स्थिति बनाए रखने के लिए सघन वाहन चेकिंग अभियान जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *