हिसुआ में बंद मकान से चोरों ने उड़ाए जेवर:पटना गए थे परिवार के सदस्य, लौटने पर बिखरा मिला सामान; पुलिस जांच में जुटी

हिसुआ नगर परिषद क्षेत्र के मौलवी टोला में किराए के मकान में चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने चार दिनों से बंद पड़े घर को निशाना बनाते हुए लगभग डेढ़ लाख रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना 21 फरवरी से 25 फरवरी 2026 के बीच की बताई जा रही है। पीड़ित सैयद मोहम्मद जकी उर रहमान ने बताया कि 21 फरवरी को वे अपने भाई की दुर्घटना के कारण पटना स्थित घर चले गए थे। इस दौरान उनका हिसुआ स्थित किराए का मकान बंद था। 25 फरवरी को जब वे वापस लौटे तो घर का सारा सामान बिखरा हुआ मिला और कमरे की लाइट जल रही थी। स्थिति देखकर उन्हें चोरी की आशंका हुई। जांच करने पर पता चला कि घर में रखे सोने के जेवरात, जिनमें बेसर और कान के रिंग शामिल थे, गायब हैं। चोरी गए सामान की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये आंकी जा रही है। पीड़ित ने घटना की लिखित शिकायत हिसुआ थाना में दी है और कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। थाना अध्यक्ष ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बताया जाता है कि सैयद मोहम्मद जकी उर रहमान और उनके साथ रहने वाले अन्य लोग मूल रूप से पटना के निवासी हैं। वे हिसुआ में किराए के मकान में रहकर नरहट में पढ़ाई करते हैं। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए नियमित गश्ती की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *