अमृतसर-पटना आरक्षित स्पेशल एक्सप्रेस अप-डाउन के 3-3 फेरे लगाएगी

भास्कर न्यूज | अमृतसर होली को देखते हुए फिरोजपुर रेलवे डिवीजन ने यात्रियों की भीड़ को संभालने के लिए बड़ी तैयारी की है। नियमित ट्रेनों के अलावा 7 जोड़ी त्योहार स्पेशल रेलगाड़ियों का संचालन किया जा रहा है। 25 फरवरी 2026 को अमृतसर से कटिहार के लिए चलाई गई होली स्पेशल ट्रेनें 100 प्रतिशत से अधिक ऑक्यूपेंसी के साथ रवाना हुईं। इसके अलावा अमृतसर से मानसी के लिए भी 24 फरवरी को ट्रेन पूरी तरह से फुल होकर रवाना हुई। फिरोजपुर रेलवे मंडल के प्रबंधक संजीव कुमार के अनुसार बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या में अचानक वृद्धि को देखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है। रेलवे ने अमृतसर-पटना-अमृतसर आरक्षित स्पेशल एक्सप्रेस (04664/04663) के संचालन की भी घोषणा की है। अमृतसर से पटना (04664) के लिए 27 फरवरी, 2 और 5 मार्च 2026 को सुबह 9:45 बजे रवाना होगी और लगभग 27 घंटे बाद दोपहर 1:30 बजे पटना पहुंचेगी। पटना से अमृतसर (04663) के लिए 28 फरवरी, 3 और 6 मार्च 2026 को शाम 4 बजे चलेगी और 28 घंटे बाद रात 8 बजे अमृतसर पहुंचेगी। यह ट्रेन ब्यास, जालंधर सिटी, ढंडारी कलां, सरहिंद, अंबाला कैंट, यमुनानगर जगाधरी, सहारनपुर, रुड़की, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, हरदोई, लखनऊ, सुल्तानपुर, वाराणसी, बक्सर, आरा और दानापुर स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी। वहीं भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों की सुरक्षा व सुविधा सुनिश्चित करने के लिए फिरोजपुर रेल मंडल ने व्यापक एक्शन प्लान जारी किया है। होली फेस्टिवल रश को लेकर बनाए गए ड्यूटी रोस्टर में 26 फरवरी से 3 मार्च तक स्टेशन पर प्रबंधों को लेकर अधिकारियों की ड्यूटियां भी लगाई गई है। 3 शिफ्टों में अधिकारी ड्यूटी पर रहेंगे। रात 10 से सुबह 6 बजे तक एडीईएन-1 अमृतसर, सुबह 6 से दोपहर 2 बजे तक एओ अमृतसर, दोपहर 2 से रात 10 बजे तक एडईई-जी अमृतसर ड्यूटी पर रहेंगे। रेलवे स्टेशन पर पहुंचे यात्री।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *