हरिद्वार में उत्तरप्रदेश के एक मुस्लिम युवक के साथ मारपीट हुई है। पीड़ित ट्रक ड्राइवर का आरोप है की वह एक ढाबे पर रुका था, यहां पर आरोपियों ने पहले उससे नाम पूछा और जब उन्हें पता लगा की वो मुस्लिम है तो फिर लाठी-डंडों से मारपीट करने लगे। घटना 23 फरवरी की रात की है। युवक के सिर में टांके आए हैं साथ ही शरीर के अन्य हिस्सों में भी काफी चोटें आई हैं। इस मामले में पहले पीड़ित ने आरोप लगाया था की उनकी पुलिस कोई सुनवाई नहीं कर रही है। हालांकि मंगलवार रात करीब 11 बजे पुलिस ने इस मामले में एक नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। इस मामले पर आज जानकारी देते हुए हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा है की दोनों पक्षों के बीच लड़ाई ट्रक के टायर पर पेशाब करने को लेकर हुई थी, अभी तक की जांच में हिंदू-मुस्लिम का कोई एंगल सामने नहीं आया है। पहले पीड़ित के अनुसार समझिए पूरा मामला… ट्रांसपोर्टरों का आरोप- रिपोर्ट बदलने का दबाव पीड़ित के समर्थन में खड़े ट्रांसपोर्टर जावेद आलम ने आरोप लगाया कि ड्राइवर को केवल मुस्लिम होने के कारण निशाना बनाया गया। उनका कहना है कि मौके पर मौजूद कुछ युवकों ने पार्टी के दौरान उसे बुलाया और नाम पूछने के बाद हमला कर दिया। वहीं, ट्रांसपोर्टर गुल सनव्वर चौधरी ने कहा कि सिडकुल क्षेत्र में रोज हजारों ट्रक आते-जाते हैं और ड्राइवर दूर-दराज से आते हैं। “अगर नाम पूछकर मारपीट होगी तो इससे भाईचारा खत्म होगा। रमजान और होली जैसे त्योहार नजदीक हैं, ऐसे में माहौल खराब होना ठीक नहीं।” अब एसएसपी के अनुसार समझिए पूरी घटना ढाबे के पास ट्रक खड़ा करने के दौरान विवाद
हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के अनुसार घटना बहादराबाद क्षेत्र स्थित किसान ढाबा के पास की है, जहां ट्रक चालक फिरोज आलम अपनी गाड़ी खड़ी कर रुका हुआ था। उसी समय ढाबे पर कुछ युवक मौजूद थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ट्रक के पहिए पर पेशाब करने की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच आपत्ति जताई गई, जिसके बाद मौके पर कहासुनी शुरू हो गई। यह विवाद अचानक शुरू हुआ और देखते ही देखते बहस का रूप ले लिया। कहासुनी बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई
एसएसपी के मुताबिक बहस बढ़ने के बाद स्थिति बिगड़ गई और दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। यह घटना मौके पर मौजूद लोगों के बीच अचानक हुई झड़प का परिणाम थी। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों पक्ष एक-दूसरे को पहले से नहीं जानते थे और उनकी कोई पुरानी रंजिश या पहचान नहीं थी। यह उनकी पहली मुलाकात थी और विवाद मौके पर ही उत्पन्न हुआ। धर्म या जाति को लेकर टिप्पणी की पुष्टि नहीं, दोनों पक्षों से तहरीर
एसएसपी ने बताया कि पुलिस को दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त हुई है। दूसरे पक्ष ने भी अपने पक्ष में शिकायत दी है। अब तक की प्रारंभिक जांच में धर्म विशेष या जातिसूचक टिप्पणी करने के कारण मारपीट होने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मेडिकल रिपोर्ट, साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर विधिक कार्रवाई कर रही है तथा दोनों पक्षों के संपर्क में रहकर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। ———————– ये खबर भी पढ़ें… नमाज पढ़ रहे व्यक्ति को लात मारकर डंडों से पीटा:जबरन ‘जय श्री राम’ बुलवाया; कांग्रेस बोली- भाजपा और PM मोदी ने नफरती आग भड़काई ऊधम सिंह नगर में खुले प्लॉट में नमाज पढ़ रहे एक मुस्लिम व्यक्ति को अटारिया मंदिर के प्रबंधक ने डंडो से पीटा। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें प्रबंधक मुस्लिम युवक को गालियां और धमकियां देकर लात और थप्पड़ मार रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर)