गुरुग्राम में लंदन से पढ़े-लिखे आशिक की जिद:बम की झूठी धमकी केस, गर्लफ्रेंड का इंटरव्यू रुकवा कर पैचअप की थी कोशिश

लंदन के प्रतिष्ठित किंग कॉलेज से LLM की डिग्री हासिल करने वाला अनिकेत पॉल (29) अपनी गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप के बाद इतना आहत हुआ कि उसने उसे दूसरी कंपनी में जॉब स्विच करने से रोकने के लिए पूरी बिल्डिंग को बम से उड़ाने की झूठी धमकी दे डाली। गुरुग्राम में एक बिल्डिंग को बम से उड़ाने की मेल करने वाले अनिकेत पॉल ने गिरफ्तारी के बाद खुलासा किया कि वह गर्लफ्रेंड को दूर नहीं जाने देना चाहता था। अगर गर्लफ्रेंड दूसरी कंपनी जॉइन कर लेती, तो फिर दोबारा उससे मिलने का रास्ता बंद हो जाता। अगर उसकी गर्लफ्रेंड को नौकरी नहीं मिलती तो वह वापस से उसके पास आ जाएगी। हालांकि पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कुछ दिन उसने जेट एयरवेज में भी काम किया था। ऐसे शुरू हुई कहानी अनिकेत पॉल मूल रूप से पश्चिम बंगाल के कोलकाता (बालीगंज) का रहने वाला है। लंदन के प्रतिष्ठित किंग कॉलेज से LLM (मास्टर्स इन लॉ) पूरा करने के बाद वह गुरुग्राम आ गया और यहां एक प्राइवेट कंपनी में कानूनी मामलों को देखने लगा। इसी कंपनी में उसकी मुलाकात एक सहकर्मी लड़की से हुई, जो धीरे-धीरे गहरी दोस्ती और फिर प्रेम संबंध में बदल गई। करीब डेढ़ साल तक चले इस रिलेशनशिप में दोनों काफी करीब आ गए थे। ब्रेकअप ने लगाई आग पुलिस जांच में पता चला कि कुछ समय पहले दोनों के बीच मनमुटाव बढ़ गया और रिश्ता टूट गया। ब्रेकअप के बाद लड़की ने नई शुरुआत करने का फैसला किया और सेक्टर-43 स्थित DLF होराइजन सेंटर में एक कंपनी में जॉब स्विच करने के लिए इंटरव्यू फिक्स कर लिया। अनिकेत को जब यह पता चला तो वह इसे बर्दाश्त नहीं कर सका। उसने सोचा कि अगर इंटरव्यू हो गया तो लड़की उसकी जिंदगी से पूरी तरह दूर चली जाएगी। सनकी प्लान, बम थ्रेट ईमेल 24 फरवरी 2026 की सुबह करीब 9:15 बजे अनिकेत ने संबंधित कंपनी के ईमेल आईडी पर एक धमकी भरा ईमेल भेज दिया। ईमेल में लिखा था कि बिल्डिंग में बम लगा हुआ है और यह फटने वाला है। उसका मकसद साफ था कि डर का माहौल बनाकर इंटरव्यू कैंसल करवाना, ताकि उसकी पूर्व प्रेमिका वहां न पहुंच पाए। पुलिस ने पूरी बिल्डिंग खंगाली ईमेल मिलते ही बिल्डिंग में हड़कंप मच गया। सिक्योरिटी ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। सुशांत लोक थाना पुलिस, डॉग स्क्वॉड, फायर ब्रिगेड और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। पूरी बिल्डिंग की तलाशी ली गई, लेकिन कोई बम नहीं मिला। यह पूरी तरह फर्जी धमकी निकली। साइबर टीम के सहयोग से पकड़ा पुलिस की साइबर टीम ने आरोपी को खोज निकाला। पुलिस ने ईमेल के IP एड्रेस और अन्य तकनीकी सुरागों से जांच शुरू की। मात्र एक दिन में यानी 25 फरवरी को सेक्टर-31, गुरुग्राम से अनिकेत पॉल को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि ब्रेकअप के दर्द और जिद में उसने यह कदम उठाया ताकि लड़की इंटरव्यू न दे पाए और शायद बातचीत फिर शुरू हो जाए। पर्सनल बातचीत से पता चला इंटरव्यू आरोपी ने खुद पुलिस के सामने कबूल किया कि साथ में काम करते समय उनकी कभी कभी बातचीत हो जाती थी। इसके अलावा कॉमन फ्रेंड और अन्य सहकर्मियों से उन्हें पता चल गया कि उसकी गर्लफ्रेंड कब और किस कंपनी में इंटरव्यू देने जाएगी। उसने कंपनी की पोर्टल से ईमेल एड्रेस निकाल कर धमकी भरी मेल कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *