दिल्ली में पत्नी और 3 बेटियों की गला रेतकर हत्या:सोते समय वारदात को अंजाम दिया; पटना में आरोपी पति के घर पहुंचे ससुरालवालों ने की मारपीट

दिल्ली के समयपुर बादली में एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या हुई। किराए के कमरे में महिला और उसकी तीन बेटियों की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान अनीता (32), अनुष्का (5), मुस्कान (4) और पल्लवी के रूप में हुई है। घटना चंदन पार्क की गली नंबर-3 स्थित मकान की है। पति पर पत्नी और बेटियों की हत्या करने का आरोप है। आरोपी पति मुनचुन के पिता रामबालक केवट और मां पटना के बाढ़ में रहते हैं। उसके तीन भाई भी दिल्ली में आजादपुर सब्जी मंडी में मजदूरी करते हैं। घटना के बाद की 3 तस्वीरें देखिए आठ महीने पहले ही बिहार से दिल्ली गया था परिवार आठ महीने पहले ही बिहार से दिल्ली गया था। पुलिस को शक है कि चारों को पहले नशीला पदार्थ देकर बेहोश किया गया और फिर हत्या की गई, क्योंकि इतनी बड़ी घटना के बावजूद किसी ने चीखने-चिल्लाने की आवाज नहीं सुनी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार बेहद शांत स्वभाव का था। पति-पत्नी के बीच कभी झगड़ा नहीं देखा गया। गांव वालों ने आरोपी के पिता और भाई को बचाया इधर, बेटी और 3 नातिनों की हत्या की खबर मिलते ही मृतका के मायके वाले आक्रोशित हो गए। परिजन मृतका के ससुराल पहुंचे और वहां मारपीट शुरू कर दी। ग्रामीण राजेश चौधरी ने बताया, ‘चंडी थाना इलाके से आए ससुराल पक्ष के लोग मुनचुन के पिता और भाई को अपने साथ गाड़ी में खींचकर ले जा रहे थे। वो लोग इतने गुस्से में थे कि दोनों को मार देते। ग्रामीणों की भीड़ जमा होने के बाद स्थिति शांत हुई।’ मुनचुन के माता-पिता गांव में खेती करते हैं। मुनचुन चार भाई हैं, सभी दिल्ली में रहते थे। मुनचुन साल-दो साल में अपने माता-पिता से मिलने गांव आता था। वह पिछले साल अप्रैल में पूरे परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने गांव आया था। चाचा बोले- दोनों के बीच क्या विवाद था नहीं पता मुनचुन के चाचा दयानंद प्रसाद ने बताया, ‘मुनचुन के 3 भाई अपने अपने परिवार के साथ दिल्ली में रहते हैं। आजादपुर सब्जी मंडी में काम करता था। वहीं अपना जीवन यापन करता था। जबकि उसके माता-पिता गांव में रहकर खेती करते हैं।’ आगे चाचा ने बताया,’ घटना की जानकारी मिलते ही मुनचुन के ससुराल पक्ष के लोगों ने यहां आकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। पति-पत्नी के बीच क्या विवाद था, इसकी जानकारी उसके माता पिता को भी नहीं है। मुनचुन ने हत्या की है या किसी और ने हत्या कर उसको फंसाने की साजिश रची है, यह जांच के बाद क्लियर होगा।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *