बहेड़ी के थाना देवरनियां क्षेत्र में पंचायत सहायक से रंजिश के चलते एक युवक के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पंचायत सहायक सहित दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम इटौआ निवासी मो. आसिफ पुत्र मेहदी हसन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके चाचा नवी हसन वर्तमान में ग्राम प्रधान हैं। ग्राम पंचायत सहायक मो. फिरोज पुत्र शकील अहमद के खिलाफ विभागीय कार्रवाई चल रही है। इसी बात को लेकर फिरोज प्रार्थी से रंजिश मानने लगा था। पीड़ित के अनुसार, यह घटना 23 फरवरी 2026 को शाम करीब 4:20 बजे हुई। आसिफ डॉ. आसिफ की दुकान पर बैठे थे, तभी पंचायत सहायक मो. फिरोज अपने भाई वकील अहमद के साथ वहां पहुंचा। दोनों ने आसिफ के साथ गाली-गलौच की। जब आसिफ ने इसका विरोध किया, तो दोनों आरोपियों ने मिलकर उनके साथ मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर आसिफ को बचाया। आरोप है कि जाते समय आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। बाद में फोन पर भी धमकी दी गई, जिसकी रिकॉर्डिंग पीड़ित के पास सुरक्षित है। थाना देवरनियां पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर पंचायत सहायक मो. फिरोज और उसके भाई वकील अहमद के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।