गुरदासपुर में मोर्चरी में महिला का शव सड़ा:फ्रिज दो दिन से खराब था, परिजनों ने किया हंगामा, जांच जारी

गुरदासपुर के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में लापरवाही का एक मामला सामने आया है। यहां दो दिन से खराब पड़े फ्रिज के कारण एक महिला का शव सड़ गया। शव की पहचान करना भी मुश्किल हो गया था, जिसके बाद परिजनों ने अस्पताल के बाहर जमकर हंगामा किया। यह घटना तब सामने आई जब परिवार आज शव लेने अस्पताल पहुंचा। परिजनों ने बताया कि 24 फरवरी की रात को उन्होंने अपनी पत्नी का शव मोर्चरी में रखवाया था। दो दिन बाद जब वे शव लेने आए तो वह पूरी तरह से खराब हो चुका था और चेहरा भी पहचान में नहीं आ रहा था। मृतका के पति बोले- सड़क हादसे में हुई थी मौत मृतका के पति गुरमुख सिंह (गांव कोट) ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी पत्नी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। उनके बच्चे विदेश में रहते हैं। उन्होंने शव रखने से पहले अस्पताल कर्मियों से फ्रिज की जांच करने को कहा था, लेकिन उन्हें जांच नहीं करवाई गई। एक दिन पहले भी पूछने पर स्टाफ ने फ्रीजर के ठीक से चलने का आश्वासन दिया था। मामले की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे मेडिकल अधिकारी डॉ. सुखदीप सिंह ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण फ्रीजर बंद हो गया था। बाहर से मशीन चालू दिख रही थी, लेकिन अंदर कूलिंग नहीं हो पा रही थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि किसी की लापरवाही पाई गई तो उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *