चंडीगढ़ में आज (गुरुवार को) घर में देवर और भाभी की लाश मिली। देवर की लाश फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी, जबकि भाभी की लाश नीचे जमीन पर पड़ी हुई थी। घटना की सूचना मिलते की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक की लाश को फांसी के फंदे से नीचे उतारा और फिर दोनों को कब्जे में लेकर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। घटना सेक्टर-41 की है। मृतकों की पहचान नगना (29) और मुस्लिम (24) के रूप में हुई है। थाना-39 के प्रभारी इंस्पेक्टर रामदयाल ने पूरे क्षेत्र को सील कर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर मामले की जांच की। दो छोटे बच्चों की मां थी महिला पुलिस के अनुसार, नगना कोठियों में काम करती थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी उम्र करीब 3 से 4 वर्ष बताई जा रही है। उसका पति चंडीगढ़ में एसी मैकेनिक का काम करता है, लेकिन फिलहाल उत्तर प्रदेश गया हुआ था। वहीं मुस्लिम कारपेंटर का काम करता था। घटना के समय घर में छोटे बच्चे मौजूद थे। पुलिस हर एंगल से कर रही जांच थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रामदयाल ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। दोनों के बीच संबंधों और घटना के कारणों को लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट हो पाएंगे।